यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जोधपुर के बाड़मेर में तेल से भरे टैंकर में लगी आग, ड्राइवर खलासी जिंदा जले
पचपदरा-जोधपुर हाईवे के कुड़ी गांव में तेल से भरे टैंकर के पलटने के बाद उसमें आग लग गई जिससे उसमें ...और पढ़ें

जोधपुर, जागरण संवाददाता। जोधपुर संभाग के सरहदी जिले बाड़मेर के कुड़ी गांव में एक तेल टैंकर पलटने से लगी आग में एक ड्राइवर और खलासी जिंदा जल गए। घटना की जानकारी मिलने पर पचपदरा पुलिस मौके पर पहुंची साथ ही अग्निशमन दमकल वाहनों द्वारा लगी आग को बुझाया गया। जिसके बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। दोनों मृतक झुंझुनू जिले के चिड़ावा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पचपदरा-जोधपुर हाईवे के कुड़ी गांव में टैंकर अनियंत्रित होकर अचानक पलट गया। टैंकर में खाद्य तेल भरा हुआ था और जोधपुर की तरफ जा रहा था। पलटी खाने के बाद टैंकर में आग लग गई। ट्रेलर चालक और खलासी ट्रेलर में फंस गए। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड और पुलिस को करीब एक घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। फायर ब्रिगेड जब तक आग बुझाती तब तक ड्राइवर रणवीर सिंह (35) और खलासी उम्मेदसिह उर्फ चिंटू जल गए। पुलिस ने आग बुझाने के बाद ट्रेलर को सीधा किया। चालक और खलासी के शव को बाहर निकाला। दोनों झुंझुनू जिले के चिड़ावा के रहने वाले हैं।आग की लपटें देखकर ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गयी। आग लगने से पचपदरा-जोधपुर रोड हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों का जाम लग गया। करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
