Rajasthan: पिता ने कहासुनी को लेकर बेटे को घोंपा चाकू, बीच-बचाव करने आई पत्नी पर भी किया हमला
पिलिबंगा पुलिस थाना अधिकारी विजय मीणा ने बताया कि बुधवार सुबह देवेंद्र जाट का अपने बेटे विवेक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में देवेंद्र ने विवेक पर चाकू से हमला कर दिया। देवेंद्र जब बेटे पर चाकू से हमला कर रहा था।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के कालीबंगा गांव में बुधवार को एक पिता ने चाकू से हमला कर बेटे की हत्या कर दी। आरोपित ने बीच-बचाव करने आई पत्नी के पेट में भी चाकू से वार किया, जिससे वह भी घायल हो गई।
पिलिबंगा पुलिस थाना अधिकारी विजय मीणा ने बताया कि बुधवार सुबह देवेंद्र जाट का अपने बेटे विवेक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में देवेंद्र ने विवेक पर चाकू से हमला कर दिया। देवेंद्र जब बेटे पर चाकू से हमला कर रहा था, तो बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी सरोज के पेट में भी उसने चाकू से वार कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विवेक और सरोज दोनों जमीन पर गिर गए। उनके शरीर से खून बहने लगा। बेटे और पत्नी पर चाकू से हमला करने के बाद देवेंद्र मौके से फरार हो गया। सरोज जोर-जोर से चिल्लाने लगी। सरोज की आवाज सुनकर आसपास के लोग उसके घर में पहुंचे।
मां सरोज का चल रहा है इलाज
बता दें कि पड़ोसियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। सरोज का उपचार चल रहा है। पुलिस ने फिलहाल पर्चा बयान के आधार पर हत्या की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सुबह की है और शाम को पुलिस ने देवेंद्र को हिरासत में ले लिया है।