राजस्थान में कर्ज से परेशान एक और किसान ने जहर खाकर दी जान
Farmer commit suicide. राजस्थान में कर्ज से परेशान एक और किसान ने जहर खाकर जान दे दी।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में किसानों के आत्महत्या करने का सिलसिला जारी है। अब श्रीगंगानगर जिले के रघुनाथपुरा गांव में किसान नेतराम ने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या की है। कर्ज में डूबे किसान नेतराम को दो दिन पहले बैंक का नोटिस मिला था, तभी से वह परेशान चल रहा था। नेतराम ने बुधवार को आत्महत्या कर ली।
पिछले सप्ताह किसान सोहनलाल ने कर्ज से तंग आकर आत्महत्या की थी। नेतराम हमेशा की तरह बुधवार रात को खेत में सिंचाई करने जाने की कहकर घर से निकला था। वहां रात को उसने कीटनाशक पीकर जान दे दी। गुरुवार सुबह जब वह देर तक घर नहीं आया तो परिजन खेत पहुंचे। वहां देखा तो नेतराम चारपाई पर मृत पड़ा हुआ था।
नेतराम के भाई मदनलाल नाथ का कहना है कि वह बैंक कर्ज से परेशान था। उसके पास बैंक से नोटिस आया था और फोन भी आ रहे थे। इससे वह परेशान था। मृतक किसान का राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक की विजयनगर शाखा में खाता था। किसान पर 3,96,947 रुपए का कर्ज बताया जा रहा है।
बैंक के प्रबंधक जगरुप सिंह ने बताया कि किसान का खाता तीन फरवरी, 2014 को खुला था, अभी तक बैंक ने उसको कोई नोटिस नहीं दिया है। किसान का खाता रेग्युलर है और न ही वो डिफाल्टर है।