राजस्थान: जयपुर में स्कूल संचालक के ठिकानों पर मतांतरण के मामले में छापामारी, विदेशी फंडिंग का आरोप
ईडी ने जयपुर में निरंजन पब्लिक स्कूल के संचालक रवि पहाड़िया के ठिकानों पर मतांतरण के लिए विदेशी फंडिंग के आरोप में छापा मारा।

HighLights
ईडी ने जयपुर में स्कूल संचालक रवि पहाड़िया के ठिकानों पर छापा मारा।
मतांतरण के लिए अमेरिका-यूरोप से तीन करोड़ रुपये की फंडिंग का आरोप।
छापेमारी में 'चिल्ड्रन ऑफ होप स्कूल' वेबसाइट के दस्तावेज जब्त किए गए।
जागरण संवाददाता, जयपुर। ईडी की टीम ने झालाना क्षेत्र में स्थित निजी निरंजन पब्लिक स्कूल के संचालक रवि पहाड़िया के ठिकानों पर शुक्रवार को छापा मारा।
ईडी को पहाड़िया के पास मतांतरण करवाने को लेकर अमेरिका और यूरोप से तीन करोड़ रुपये का फंड मिलने की शिकायत मिली थी।
छापेमारी के दौरान ईडी ने पहाड़िया के ठिकाने से कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए। जांच में सामने आया कि पहाड़िया ने विदेशी फंडिंग के लिए 'चिल्ड्रन आफ होप स्कूल' नाम से एक वेबसाइट बना रखी है।
हालांकि, हकीकत में यह स्कूल संचालित नहीं हो रहा है। पहाड़िया पर विदेशी फंडिंग के माध्यम से गरीब दलित परिवारों के लोगों का मतांतरण करवाने का आरोप है। इस मामले में करीब डेढ़ माह पहले पहाड़िया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
