Rajasthan: ट्रैफिक पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने एएसआई पर ही चढ़ा दी बोलेरो
Traffic Police जोधपुर में पुलिस के एएसआई पर एक वाहन चालक ने गाड़ी चढ़ा दी। इससे एएसआई की एक टांग में फ्रेक्चर हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Traffic Police: राजस्थान के जोधपुर में पुलिस के एएसआई पर एक वाहन चालक ने गाड़ी चढ़ा दी। इससे एएसआई की एक टांग में फ्रैक्चर हो गया। गनीमत रही कि उनकी जान बच गई। घायल अवस्था में पुलिसकर्मी को अस्पताल ले जाया गया। उनका मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार चल रहा है। दरअसल यातायात के नए नियमों के बाद जोधपुर में यातायात पुलिस की ओर से शहर में इन दिनों नाकाबंदी के साथ सख्ती भी की जा रही है। इसके अलावा वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है, जिससे बचने के लिए बोलेरो चालक ने इस घटना को अंजाम दिया। सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस बारे में शास्त्रीनगर थाने में केस दर्ज किया गया है।
जोधपुर के जलजोग चौराहे पर गुरुवार सुबह ड्यूटी कर रहे एक एएसआई पर बोलेरो चालक ने गाड़ी ऊपर चढ़ा घायल कर दिया। इरादतन घायल करने के बाद बोलेरो चालक भागने में कामयाब हो गया। एएसआई का पैर व अंगुली जख्मी हो गए। जिसके बाद पुलिस के जवान उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। एसीपी ट्रैफिक चेन सिंह महेचा ने बताया कि सुबह एएसआई ओमाराम व जवान जलजोग चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे थे। तभी एक बोलेरो बारहवीं रोड से जलजोग चौराहे की तरफ आती दिखी। तो एक महिला कांस्टेबल ने उसे रोकने का इशारा किया। चालक नहीं रुका तो एएसआई गाड़ी से सामने पहुंच चालक को हाथ से गाड़ी रोकने का इशारा किया। गाड़ी की रफ्तार धीरी कर ली, लेकिन गाड़ी नहीं रोकी। ऐसे में चालक ने जान-बूझकर एएसआई के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
एएसआई बचने के लिए गाड़ी की बोनेट पर चढ़ गया और वाइपर को पकड़ लिया। इतने में अचानक चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई की तो एएसआई नीचे गिर पड़े, जिससे एएसआई घायल हो गया। चालक ने गाड़ी को नहीं रोका और भाग निकला। एएसआई को तुरंत जवान एमडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पैर व हाथ की उंगली जख्मी होने पर उपाचार शुरू किया गया। एसीपी ने बताया कि बोलेरो चालक भाग गया। जिसकी सीसीटीवी कैमरे की मदद से अब तलाश की जा रही है।