Rajasthan Politics: कोशिश के बावजूद एक मंच पर नहीं आए अशोक गहलोत और सचिन पायलट, गहलोत समर्थक मंत्रियों ने भी बनाई दूरी
Rajasthan Politics राजस्थान में सीएम अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को एक मंच पर लाने की कांग्रेस विधायक की कोशिश सफल नहीं हो सकी। दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ साल से दूरी बनी हुई है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को एक मंच पर लाने की कांग्रेस विधायक की कोशिश सफल नहीं हो सकी। दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ साल से दूरी बनी हुई है। आलाकमान के निर्देश पर अशोक गहलोत और सचिन पायलट पिछले दिनों दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में प्रत्याशियों का नामांकन-पत्र दाखिल कराने साथ गए थे। प्रदेश प्रभारी अजय माकन भी जयपुर से उनके साथ हेलीकाप्टर में थे। अजय माकन ने अशोक गहलोत व सचिन पायलट के बीच बातचीत कराने का प्रयास भी किया, लेकिन दोनों ने ही इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई। अब बुधवार को जयपुर जिले के चाकसू में डा. भीमराव अंबेडकर की अष्टधातु की प्रतिमाह का अनावरण हुआ। इस मौके पर बड़ा समारोह आयोजित किया गया। समारोह के आयोजक विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई मंत्रियों और विधायकों को आमंत्रित किया था, लेकिन इस समारोह में अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा दोनों ही नहीं पहुंचे।
सचिन पायलट बोले, भाजपा ने हर क्षेत्र में देश को दिया धोखा
जयपुर से मात्र 40 किलोमीटर दूर आयोजित समारोह में सीएम अशोक गहलोत नहीं पहुंचे। एक तरफ समारोह चलता रहा, वहीं दूसरी तरफ अशोक गहलोत अपने आवास पर मौसमी बीमारियों को लेकर बैठक ले रहे थे। सीएम अशोक गहलोत खेमे के दलित मंत्री भी समारोह में शामिल नहीं हुए। वहीं, सचिन पायलट खेमे के अधिकांश विधायक और नेता समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर सचिन पायलट ने कहा कि समारोह के आयोजक मुझसे मिले थे। इस दौरान मैंने उनसे कहा था कि आपको सीएम अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा सहित सभी नेताओं को बुलाना चाहिए। आयोजकों ने उन्हें आमंत्रित भी किया, लेकिन सीएम अशोक गहलोत किसी कारणवश नहीं आए। इस मौके पर सचिन पायलट ने भाजपा नेताओं को बहरूपिया बताते हुए कहा कि दलित वर्ग का सम्मान हमेशा कांग्रेस ने किया है। भाजपा ने हर क्षेत्र में देश को धोखा दिया है। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तरुण कुमार सहित आधा दर्जन विधायक मौजूद थे। समारोह में जुटे लोगों ने सचिन पायलट को सीएम बनाने को लेकर नारेबाजी की। इस पर तरुण कुमार ने कहा कि इस समारोह का संदेश दिल्ली तक जाएगा।