Rajasthan: महंगाई के खिलाफ अभियान में मंत्रियों व विधायकों के दिलचस्पी नहीं लेने से कांग्रेस संगठन नाराज
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तो महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ ट्वीट किए लेकिन मंत्रियों विधायकों व पार्टी नेताओं ने फेसबुक अथवा ट्विटर पर कोई पोस्ट नहीं किए।
जागरण संवाददाता, जयपुर। बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर केंद्र की एनडीए सरकार को घेरने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा इंटरनेट मीडिया पर प्रारंभ किए गए अभियान में अशोक गहलोत सरकार मंत्री और कांग्रेस के नेता दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। इस अभियान से राज्य में कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर सामने आ गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तो महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ ट्वीट किए, लेकिन मंत्रियों, विधायकों व पार्टी नेताओं ने फेसबुक अथवा ट्विटर पर कोई पोस्ट नहीं किए।
प्रदेश कांग्रेस के खुद के पदाधिकारियों ने भी इस अभियान में दिलचस्पी नहीं दिखाई। इस पर डोटासरा ने मुख्यमंत्री के समक्ष नाराजगी जताते हुए कहा कि मंत्रियों व विधायकों का प्रदेश कांग्रेस के अभियान में दिलचस्पी नहीं लेना ठीक नहीं है। उन्हें संगठन के निर्देशों की पालना के लिए कहा जाना चाहिए। हालांकि एक बातचीत में डोटासरा ने कहा कि कोविड सहित अन्य व्यस्तताओं के चलते पार्टी नेता पोस्ट नहीं कर पाए होंगे। वहीं मंत्रियों का कहना है कि कोविड काल में इस तरह का अभियान नहीं चलाया जाना चाहिए। कोरोना के नियंत्रण में होने के बाद अभियान चलाया जाना चाहिए। मंत्रियों ने प्रदेश कांग्रेस द्वारा इस संबंध में अभियान प्रारंभ करने से पहले आपसी विचार-विमर्श नहीं करने पर नाराजगी जताई।
निर्दलीय विधायक ने उठाया सवाल
अशोक गहलोत सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा ने ट्वीट कर कहा,क्या कारण है कि केेंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ 7 साल पूरे होने पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के ऑनलाइन विरोध कार्यक्रम की राज्य के कई मंत्रियों ने अनदेखी की। लोढ़ा ने लिखा, विनती है कि प्रदेश कांग्रेस की ऑथोरिटी को कमजोर नहीं होने दें। उन्होंने अपने ट्वीट में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा,संगठन महासचिव के.सी.वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी अजय माकन को टैग किया है।
सीएम के सामने दो मंत्रियों में तकरार
महंगाई और वैक्सीनेशन के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ अभियान चलाए जाने के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और शिक्षा मंत्री डोटासरा की संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल के साथ तकरार हो गई। बुधवार रात मंत्रिपरिषद की बैठक में सीएम ने वैक्सीनेशन व महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने की बात कही। इस पर डोटासरा ने कहा कि सीएम व प्रदेश अध्यक्ष राज्यपाल को एवं मंत्री जिला कलेक्टरों को ज्ञापन दें। इस पर धारीवाल ने आपत्ति जताते हुए सभी के राष्ट्रपति को ज्ञापन देने की बात कही। इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। मामला इतना बढ़ा कि डोटासरा बैठक छोड़कर जाने लगे तो सीएम ने उन्हे वापस बिठाया। बैठक से बाहर निकलने के बाद भी दोनों मंत्रियों के बीच बहस हुई। मौके पर मौजूद अन्य मंत्रियों ने उन्हे शांत किया।