यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan Politics: कांग्रेस विधायक ने कहा, सचिन पायलट के लिए खून का एक-एक कतरा दे दूंगा
Rajasthan राजस्थान में कांग्रेस के विधायक राकेश पारीक ने कहा कि मैं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के लिए खून का ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, जयपुर। Rajasthan Politics: राजस्थान कांग्रेस में खींचतान लगातार बढ़ती जा रही है। अब कांग्रेस के विधायक राकेश पारीक (Rakesh Parik) ने कहा कि मैं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट (Sachin Pilot) के लिए खून का एक-एक कतरा दे सकता हूं। खून तो दूर की बात है, सचिन पायलट के लिए अगर मेरी चमड़ी की जरूरत पड़े तो वह भी दे सकता हूं। सचिन पायलट को मुख्यमंत्री शीघ्र बनाया जाना चाहिए। अजमेर जिले के देवमाली गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में पारीक ने कहा कि सचिन पायलट जैसा प्यारा नेता भगवान ने दिया है। आज इस चीज को कोई भूल जाए, लेकिन मैं मेरे पिता की आलौद हूं, मैं जिंदगी भर नहीं भूल सकता, पद आता रहता है, जाता रहता है, लेकिन नेता तो सचिन पायलट ही है।
पायलट खेमा कर रहा है यह मांग
उल्लेखनीय है कि सचिन पायलट खेमा लगातार राजस्थान में सीएम (CM) बदले जाने को लेकर आलाकमान पर दबाव बना रहा है। अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष खिलाड़ी लाल बैरवा, विधायक वेद प्रकाश सोलंकी और इंद्रराज गुर्जर ने खुलकर पिछले दिनों बयान देकर सचिन पायलट को सीएम बनाने की मांग की। गत छह सितंबर को सचिन पायलट के जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन कर पायलट खेमे ने आलाकमान पर दबाव बनाने का प्रयास किया। उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) और उनके समर्थक बसपा (BSP) छोड़कर कांग्रेस (Congress) में शामिल होने वाले छह विधायकों के साथ ही 11 निर्दलीय विधायकों को अपने पक्ष में एकजुट किए हुए हैं।
राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने गत दिनों कहा था कि अपने समर्थकों से कहा कि हमें किसी की टांग नहीं खींचनी है। किसी की जयकार नहीं कर कसते तो विरोध भी नहीं करें। दौसा जिले के सिंकदरा में रामदेव मंदिर में आयोजित मेले में पायलट ने कहा कि हमें एक-दूसरे का मान-सम्मान करना होगा, ताकत देनी होगी। यदि हम किसी के बारे में भला नहीं बोल सकते तो बुरा भी बोलने का अधिकार किसी को नहीं है। सबका सम्मान करते हुए साथ लेकर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश को मजबूती देने का काम मिलकर करना होगा।
