मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सभा के दौरान कांग्रेस नेता को हार्ट अटैक, दम तोड़ा
अचानक मौत पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर संवेदना जताई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। परिजनों को दी सूचना। बुधवार सुबह करवाया जाएगा शव का पोस्टमार्टम। जैतारण निवासी मोहब्बत सिंह कांग्रेस का प्रदेश प्रवक्ता और महासचिव रह चुका है।
उदयपुर, संवाद सूत्र। धरियावद विधानसभा के उपचुनाव के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की चुनावी सभा के दौरान कांग्रेस के एक क्षेत्रीय नेता की हार्ट अटैक से निधन हो गया। जिसको लेकर मुख्यमंत्री ने संवेदना जताई है। मिली जानकारी के अनुसार पाली जिले की जैतारण निवासी मोहब्बत सिंह निंबोल है। जो यूथ कांग्रेस का प्रदेश प्रवक्ता और महासचिव रह चुका है।
यूथ कांग्रेस का प्रदेश प्रवक्ता और महासचिव रहे
मंगलवार को वह धरियावद में चुनावी सभा के दौरान पार्टी की ओर से जिम्मेदारी संभाल रहा था। मुख्यमंत्री के सभा के दौरान मोहब्बत सिंह को हार्ट अटैक आया। उसे पार्टी के कार्यकर्ता तत्काल लसाड़िया स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी
एम्बुलेंस के जरिए उसे यहां के गीतांजली मेडिकल कॉलेज के अस्पताल लाया गया लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि उसकी मौत हार्ट अटैक के आधे घंटे बाद ही हो गई। उनका कहना था कि सीवीयर हार्ट अटैक को उनका शरीर झेल नहीं पाया था।
परिजनों को दी सूचना, बुधवार सुबह पोस्टमार्टम
यूथ कांग्रेस के उदयपुर जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह झाला ने बताया कि मोहब्बत सिंह का शव गीतांजली अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। उसके परिजनों को सूचित किया गया है। उनके आने के बाद बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री द्वारा सोशल मीडिया पर जताई संवेदना
इधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इस्टाग्राम के जरिए यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश पदाधिकारी के निधन को लेकर संवेदनाएं जताई हैं। उनका कहना है कि यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी रहे और कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता मोहब्बत सिंह, जो धरियावद उपचुनाव में जिम्मेदारी पूर्वक अपनी भूमिका का निर्वाह कर रहे थे, उनके असामयिक निधन से उनकी गहरी संवेदना है। उन्होंने आगे लिखा कि शोकाकुल परिजनों को आघात सहने की शक्ति दें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।