समय पर जेल न लौटने पर आसाराम के खिलाफ मामला दर्ज, 20 दिन की मिली थी पैरोल
आसाराम के तय समय पर जोधपुर जेल न लौटने पर रातानाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है।

आसाराम पर पैरोल उल्लंघन का मामला दर्ज

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जयपुर। जोधपुर जेल से पैरोल पर रिहा आसाराम के तय समय पर मंगलवार शाम पांच बजे तक वापस नहीं पहुंचने पर रातानाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया। थाना अधिकारी जुल्फिकार ने बताया कि जेल प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हुई।
जोधपुर केंद्रीय कारागार के प्रहरी बनवारीलाल की रिपोर्ट के मुताबिक, उच्च न्यायालय के निर्देश पर आसाराम को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर 20 दिन की पैरोल मिली थी।
एक अक्टूबर को रिहा हुए आसाराम को 27 अक्टूबर शाम पांच बजे तक जेल में समर्पण करना था। रिपोर्ट में कारागार अधिनियम की धारा 58 (ख) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की गई।
उज्जैन में उपचार के लिए मिली पैरोल के बाद आसाराम मंगलवार रात 10:15 बजे एयर एंबुलेंस से जोधपुर पहुंचे और 10:45 बजे जेल गए। रात में बंदियों को प्रवेश नहीं मिलने से वह आरोग्य अस्पताल चले गए। बुधवार सुबह 9:45 बजे उन्होंने जेल में समर्पण किया। वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद हैं।
