Video: राजस्थान में बीटीपी विधायक का आरोप, कार की चाबी छीन पुलिस ने किया कैद
BTP MLA Rajkumar Roat राजस्थान में भारतीय ट्राइबल पार्टी के विधायक राजकुमार रोत ने एक वीडियो जारी कर पुलिस पर खुद को जबरन कैद करके रखने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। BTP MLA Rajkumar Roat: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री पद से बर्खास्त सचिन पायलट के बीच चार दिन तक चले सियासी दंगल के बाद मंगलवार को भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के विधायक राजकुमार रोत ने एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने खुद को जबरन कैद करके रखने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया में वायरल हुए इस वीडियो में विधायक राजकुमार रोत ने कहा कि वर्तमान सियासी घटनाक्रम को देखते हुए विधायकों को कैद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं पिछले तीन दिन से अपने जयपुर स्थित विधायक निवास पर रह रहा था, लेकिन मंगलवार को जैसे ही अपने निर्वाचन क्षेत्र में जाने के लिए निकला तो तीन-चार पुलिस की गाड़ियां मेरी कार के आगे-पीछे लग गईं और चारों तरफ से घेर लिया।
विधायक का आरोप है कि पुलिस ने उनकी कार की चाबी भी उनसे छीन ली और उनके साथ बदसलूकी की गई।विधायक राजकुमार रोत का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर तंज कसा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट के जरिए चुटकी लेते हुए कहा कि क्या अब अशोक गहलोत सरकार पुलिस के बल पर बहुमत जुटाने का प्रयास कर रही है। सचिन पायलट के मीडिया सलाहकार ने भी यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
#WATCH Rajkumar Roat, BTP (Bhartiya Tribal Party) MLA from Chorasi in a video, alleges police not letting him move, have taken his car keys and it's a hostage like situation. #Rajasthan pic.twitter.com/FBbBXCCQoy — ANI (@ANI) July 14, 2020
नंबर गेम में उलझे अशोक गहलोत और कांग्रेस आलाकमान को भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) ने सोमवार शाम को झटका दिया है। सोमवार दिन में मुख्यमंत्री निवास पर विधायक दल की बैठक में बीटीपी के दोनों विधायक मौजूद रहे, लेकिन शाम को पार्टी ने व्हीप जारी कर निर्देश दिए कि अगर फ्लोर टेस्ट होगा तो हम उसमें हिस्सा नहीं लेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेशभाई सी. वसावा ने साफ कहा कि पार्टी के दोनों विधायक ना तो कांग्रेस के साथ है और ना ही भाजपा के पक्ष में हैं। पायलट और गहलोत दोनों में से किसी के भी पक्ष में नहीं है। वसावा ने कहा कि यदि दोनों विधायक पार्टी के व्हीप का उल्लंघन करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। उल्लेखनीय है कि विधायक राजकुमार रोत व रामप्रसाद अब तक गहलोत के साथ थे। सोमवार को विधायक दल की बैठक में शामिल हुए थे। वहीं, माकपा के दो में से एक विधायक बैठक में शामिल हुआ।