Coronavirus: राजस्थान में भाजपा कार्यकर्ता अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर लिखेंगे मै हूं कोरोना वाॅरियर
Coronavirus. राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने इस बारे में कार्यकर्ताओं से अपील की है और कहा है कि संकट की इस घडी में कार्यकर्ता कोरोना वाॅरियर की तरह ही काम करें।
जयपुर, जेएनएन। Coronavirus. राजस्थान में भाजपा के कार्यकर्ता अब अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर “मैं भी कोरोना वाॅरियर हूं“ लिखेंगे। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने इस बारे में कार्यकर्ताओं से अपील की है और कहा है कि संकट की इस घडी में कार्यकर्ता कोरोना वाॅरियर की तरह ही काम करें। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से रक्तदान करने वालों की सूची तैयार करने को भी कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका उपयोग किया जा सके।
राजस्थान में भाजपा कार्यकर्ता अब तक एक लाख 75 हजार लोगों को खाने के पैकेट पहुंचाकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इन कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया लगातार सोश्यल मीडिया के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संपर्क में बने हुए है। मंगलवार को भी पूनिया ने फेसबुक लाइव के जरिए कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान 20 हजार से ज्यादा लोग इससे जुड़े। पूनिया ने कहा कि केंद्र सरकार ने बैंकों की इएमआई को तीन महीने डेफर किया गया और इस पर कोई पेनल्टी नहीं लगेगी। उनके अनुसार, भविष्य में भी सरकार मध्यम वर्ग के लिए घोषणाएं करेंगी।
लाइव के दौरान पूनिया ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अपील के बाद भाजपा के 43 हजार कार्यकर्ताओं ने एक लाख 75 हजार से ज्यादा लोगों को भोजन के पैकेट दिए हैं। इसके अलावा 67 हजार से ज्यादा लोगों को राशन सामग्री पहुंचाई है। इसके अलावा 279 सामुदयिक रसोई भी हमारे कार्यकर्ता चला रहे हैं। पूनिया ने कहा कि हमारी पार्टी नरसेवा नारायणसेवा की तर्ज पर काम कर रही है। इस दौरान पूनिया ने सेवा भारती, भारत विकास परिषद, एबीवीपी को भी उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद दिय।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ब्लड डोनेशन करने वाले कार्यकर्ताओं की सूची बनाने के भी निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी सेवाएं ली जा सके। सतीश पूनिया ने लॉकडाउन के दौरान हो रहे माइग्रेशन पर भी चिंता जताई और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पलायन कर रहे लोगों की सेवा में जुटें। पूनिय ने बताया कि पार्टी की हेल्पलाइन भी चल रही है। इस पर अभी तक 5822 काॅल्स आए हैं और इन्हें राहत पहुंचाई गई।