Rajasthan Poliitcs: गहलोत सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी भाजपा, सतीश पूनिया ने जारी किया ब्लैक पेपर
Rajasthan भाजपा 15 दिसंबर को जयपुर में राज्यस्तरीय विरोध-प्रदर्शन करेगी जिसमें दो लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले 25 से 30 नवंबर के मध्य जिलों में अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जाएंगे।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। नवंबर और दिसंबर में जिलों से लेकर राज्य स्तर तक बड़े आंदोलन किए जाएंगे। भाजपा 15 दिसंबर को जयपुर में राज्यस्तरीय विरोध-प्रदर्शन करेगी, जिसमें दो लाख कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले 25 से 30 नवंबर के मध्य जिलों में अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जाएंगे। जिलों में होने वाले प्रदर्शन कार्यक्रमों में 10 हजार कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि अब तक कोरोना महामारी की गाइडलाइन के कारण कोई बड़े आंदोलन नहीं किए जा सके थे, लेकिन अब गहलोत सरकार के खिलाफ उपखंड से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन होंगे।
इन मुद्दों पर कांग्रेस को घेरेगी भाजपा
उन्होंने कहा कि दलित और महिला उत्पीड़न के साथ ही बेरोजगारी, किसान कर्ज माफी बेरोजगारी भत्ते, हत्या और माब लिंचिंग सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरा जाएगा। रविवार को जयपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों व जिला प्रभारियों की बैठक में संगठन को सक्रिय करने के साथ ही गहलोत सरकार के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में पूनिया ने कहा कि जो पार्टी पदाधिकारी सक्रिय नहीं हैं, उन्हें पदों से हटाकर काम करने वाले नेताओं को संगठन में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। भाजपा ने गहलोत सरकार के खिलाफ ब्लैक पेपर भी जारी किया। इस ब्लैक पेपर में विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा गया है। यह ब्लैक पेपर वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा क्षेत्रों में वितरित किए जाएंगे। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हो रहे हैं। सतीश पूनिया ने उपचुनाव में दोनों सीटों पर भाजपा की जीत होने का दावा करते हुए कहा कि राज्य सरकार से आम आदमी परेशान हो गया। इस मौके पर सतीश पूनिया ने कहा कि आम आदमी को आवश्यक सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही है। सतीश पूनिया ने कई अन्य मुद्दों पर भी गहलोत सरकार पर जमकर निशाना साधा।