भाजपा के बागी विधायक ने फिर बोला मुख्यमंत्री पर हमला
पिछले तीन साल से बागी तेवर दिखा रहे भाजपा के वरिष्ठ विधाक घनश्याम तिवाड़ी ने एक बार फिर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
जयपुर, जागरण संवाददाता। पिछले तीन साल से बागी तेवर दिखा रहे राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ विधाक घनश्याम तिवाड़ी ने एक बार फिर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। तिवाड़ी ने हाल ही में भारत वाहिनी नाम से राजनीतिक पार्टी का चुनाव आयोग में पंजीकरण कराया है।
जयपुर में पार्टी नेताओं की पहली बैठक में तिवाड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भ्रष्टाचार को ढांचागत बना लिया है। भ्रष्टाचार की काली कमाई करने के लिए ऊपर से नीचे तक इस प्रकार के लोग लगाए गए हैं,जो ज्यादा से ज्यादा कमाई ऊपर तक पहुंचा सके। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे प्रदेश में सरकार का जाना तय दिख रहा है,वैसे-वैसे ही चौथ वसूली बढ़ती जा रही है। सरकार और संगठन में टिकटों की नीलामी हो रही है,जो जितने ज्यादा पैसे देता है,उसे पद दे दिया जाता है।
तिवाड़ी ने कहा कि प्रदेश में नई राजनीतिक शक्ति के रूप में भारती वाहिनी को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए जाने और प्रदेश के सभी जिलों में राजस्थान सम्पर्क यात्रा निकालने का भी रविवार की बैठक में किया गया है। उल्लेखनीय है कि तिवाड़ी पिछले तीन साल से पार्टी की मुख्य धारा से अलग होकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी पर व्यक्तिगत आरोप लगा रहे हैं।
तिवाड़ी की पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते ही प्रदेश अनुशासन समिति ने उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए केन्द्रीय अनुशासन समिति को सिफारिश की है। तिवाड़ी की पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते आलाकमान भी उन्हे नजरंदाज कर रहा है ।