Move to Jagran APP

Rajasthan ByElection: भाजपा नेता अरुण सिंह बोले-जो मुख्यमंत्री केवल वोट के लिए निकले, उसे जनता कहां देगी वोट

Rajasthan ByElection भाजपा नेता अरुण सिंह के मुताबिक जो मुख्यमंत्री केवल वोट के लिए ही घर से निकले उसे जनता कहां से वोट देगी। जनता को पता है कि वोट किसे देना है इसलिए जनता केवल भाजपा को ही अपना समर्थन देगी।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Mon, 25 Oct 2021 09:24 PM (IST)Updated: Mon, 25 Oct 2021 09:24 PM (IST)
Rajasthan ByElection: भाजपा नेता अरुण सिंह बोले-जो मुख्यमंत्री केवल वोट के लिए निकले, उसे जनता कहां देगी वोट
भाजपा के राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह। फाइल फोटो

उदयपुर, सुभाष शर्मा। भाजपा के राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह का कहना है कि जो मुख्यमंत्री केवल वोट के लिए ही घर से निकले, उसे जनता कहां से वोट देगी। जनता को पता है कि वोट किसे देना है, इसलिए जनता केवल भाजपा को ही अपना समर्थन देगी। भाजपा नेता इन दिनों वल्लभनगर व धरियावद विधानसभा के उपचुनाव के लिए प्रचार करने उदयपुर संभाग में है। इसी दौरान सोमवार को उन्होंने जागरण से बातचीत की। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह का कहना है कि प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, विकास को ग्रहण लग गया है। यहां के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास जनता से मिलने का समय नहीं है। वह तो अपने घर में बने रहने का बहाना ढूंढते हैं। यह तो उप चुनाव हो रहे हैं, इसलिए वह बाहर निकल रहे हैं। अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार खुद स्थिर नहीं है। मंत्रिमंडल का विस्तार इसीलिए लगातार टाला जा रहा है और इसके चलते प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। विकास के काम संभव नहीं हो पा रहे हैं। भाजपा सरकार के बाद प्रदेश में एक भी बड़ा काम नहीं हुआ और इसीलिए जनता ने तय कर रखा है कि इस बार वह भाजपा का समर्थन करेगी।

loksabha election banner

दोनों सीट जीतने का दावा

भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा दोनों उपचुनाव जीतने जा रही है। कांग्रेस के नेताओं में इतना विरोधाभास है कि इनके समर्थक यह तय नहीं कर पा रहे कि वह उनका समर्थन करें या नहीं। जबकि भाजपा में किसी तरह का कोई विरोध नहीं। उन्होंने कहा कि असल में भाजपा में चेहरे की वजह पार्टी का वजूद है। यहां लोग प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन करते हैं। कांग्रेस के लीडर बुरी तरह फ्लाप हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह लगातार तीन दिन उदयपुर संभाग में हैं और लोगों से मिल रहे हैं। सोमवार को वह सैकड़ों लोगों से मिले और जनसभाओं में भाग लिया, जिसे देखकर साफ है कि लोग कांग्रेस को आइना दिखाना चाहती है।

कांग्रेस सरकार में मची है जमकर लूट, अपराध बेकाबू

अरुण सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार में जमकर लूट मची है। तीन साल के दौरान अपराध का ग्राफ इतना बढ़ गया है कि भारत में राजस्थान अव्वल नंबर पर है। हर दिन अपराधों में वृद्धि हो रही है। प्रदेश में बुजुर्ग, महिलाएं, युवा यहां तक बच्चे तक सुरक्षित नहीं है। आए दिन शर्मसार करने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं और मुख्यमंत्री हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं। इसी तरह भ्रष्टाचार के मामले भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे मामले हुए, जो पहली बार प्रदेश में देखे गए। गिरफ्तारी के बाद भी अपराध करने वाले को गैर जमानतीय मामले में जमानत देने वाला अपराध भी गहलोत सरकार ने किया। ब्यूरोक्रेट्स ही नहीं, बल्कि मंत्री-विधायक सभी लूट में लगे हुए हैं। बजरी माफिया बेखौफ होजा जा रहा है।

पेट्रोल-डीजल की कीमत राज्य सरकार कम करे, सारे काम का ठेका केंद्र का नहीं

भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि सारे काम का ठेका केंद्र सरकार ने नहीं ले रखा है। किसानों के लिए, महिलाओं के लिए सहायता राशि केंद्र कर रहा है। राज्य सरकार ने जनता के लिए किसी तरह का काम नहीं किया। इतना पैसा केंद्र से मिला तो वह जनता के लिए काम करे। पेट्रोल-डीजल में सर्वाधिक टैक्स राजस्थान ले रहा है। जनता की फिक्र होती तो तीन-चार हजार करोड़ रुपये इनकी कीमत में कम करने में लगाते। असल में गहलोत सरकार को पता है कि अगली बार उनकी सरकार नहीं आनी, इसलिए जनहित में कोई काम नहीं किए जा रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.