राजस्थान: 15 तोला सोने के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या, शव जलाकर राख नदी में फेंकी
भीलवाड़ा में 15 तोला सोने के आभूषणों के लालच में एक बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

15 तोला सोने के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या।
HighLights
15 तोला सोने के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या।
शव जलाकर राख कोठारी नदी में फेंकी गई।
पड़ोसी रवि तापड़िया और साथी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में 15 तोला सोने के आभूषणों के लालच में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर सबूत मिटाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरोप है कि पड़ोसी ने अपने साथी के साथ मिलकर 70 वर्षीय कमला देवी कांकरिया की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को छत पर ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया और हड्डियां व राख कोठारी नदी में फेंक दी। पुलिस ने मामले में पड़ोसी रवि तापड़िया और उसके साथी हीरा सिंधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार भीमगंज थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर निवासी कमला देवी 12 अक्टूबर से लापता थीं। उनकी बहू रवीना कांकरिया ने 15 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कमला देवी घर में अकेली रहती थीं। उनके पति की चार साल पहले और बेटे की दो साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पड़ोसी रवि तापड़िया का कमला देवी के घर आना-जाना था। 12 अक्टूबर को दोनों सीसीटीवी फुटेज में साथ जाते दिखाई दिए थे। पूछताछ में रवि ने पहले महिला को बाजार छोड़ने की बात कही, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पांच घंटे तलाश के बाद मिलीं हड्डियां
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हत्या के बाद आभूषण लूट लिए और शव को जलाकर अवशेष कोठारी नदी में फेंक दिए। मंगलवार को आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जेसीबी की मदद से नदी के मलबे में करीब पांच घंटे तलाश की और हड्डियां बरामद कीं।
कमला देवी की बहू ने बताया कि उनकी आखिरी बातचीत 6 अक्टूबर को हुई थी। कमला देवी ने अगली बार आने पर बच्चों को भी साथ लाने के लिए कहा था। पोते-पोती से मिलने की उनकी इच्छा अधूरी रह गई।
