राजस्थान: पूर्व बीजेपी विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के भरतपुर में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में मुख्य अभियुक्त बलदेव गुर्जर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में पांच गिरफ्तार
HighLights
पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में पांच गिरफ्तार
मुख्य अभियुक्त बलदेव गुर्जर को पुलिस ने पकड़ा
भरतपुर के भौंडा गांव में पुलिस बल तैनात, तनाव
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में भरतपुर जिले के भौंडा गांव में भाजपा नेता व बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त बलदेव गुर्जर समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। वारदात के तीसरे दिन भी गांव में तनाव बना हुआ है। गांव में छह थानों के सौ से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
वैर पुलिस उपाधीक्षक नीरज भारद्वाज ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने 40 नामजद सहित 95 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए दो दर्जन पुलिस टीमें गठित की हैं। गौरतलब है कि पूर्व विधायक की ग्रामीणों के हमले में मौत हो गई थी।
बलदेव गुर्जर समेत पांच लोगों की गिरफ्तारी
वह अपने क्रशर प्लांट पर थे, इसी दौरान 70-80 लोगों ने उनके आफिस पर हमला कर दिया था। वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में जयपुर में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद वैर पुलिस थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह को निलंबित करने के साथ ही एएसपी प्रेरणा शेखावत और पुलिस उपाधीक्षक नीरज भारद्वाज को पदस्थापन आदेश की प्रतीक्षा में रखा गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे भड़ाना अपने खनन प्लांट के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने पहले पथराव किया और फिर लाठियों एवं सरियों से भड़ाना पर हमला बोला।
सुरक्षाकर्मी गगन शर्मा उन्हें खनन प्लांट पर बने कमरे में ले गया। भड़ाना ने खुद को कमरे में बंद कर लिया तो हमलावरों ने खिड़की से जलती हुई लकड़ियां अंदर फेंककर उन्हें जलाने का प्रयास किया। फिर उग्र हमलावरों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर भड़ाना पर लाठियों से हमला कर दिया।
भड़ाना ने कहा था- मैं मरूंगा या मारूंगा
वारदात के समय भड़ाना की पत्नी कमलेश ऊपर के कमरे में थी। हमलावर वहां भी पहुंच गए और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। कमलेश ने बचने के लिए खुद को कमरे में बंद कर लिया था। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बताया कि प्लांट पर लगे 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कमलेश अपने साथ लेकर गई हैं।
पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने आरोप लगाया कि भड़ाना ने 27 सितंबर को जान से मारने की धमकी देने के मामले में 27 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।
गांव में मौजूद बुजुर्गों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि रविवार को वारदात से पहले भड़ाना ने गांव में मौजूद मंदिर में दर्शन किए, तो दो बुजुर्गों ने उन्हें गांव से वापस लौटने और प्लांट चालू नहीं करने की सलाह दी थी लेकिन भड़ाना ने बुजुर्ग से कहा था कि प्लांट तो चलाऊंगा, चाहे मैं मरूंगा या मारूंगा।
