राजस्थान के बांसवाड़ा में रात में बाहर जाने से टोका तो पोती ने दादा पर किया हमला, मौत
राजस्थान के बांसवाड़ा में रात में बाहर जाने से टोकने पर एक 19 वर्षीय पोती ने अपने दादा पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

रात में बाहर जाने से टोका तो पोती ने दादा पर किया हमला।
HighLights
पोती ने दादा पर लाठी से हमला किया।
रात में बाहर जाने से टोकने पर हुई घटना।
बांसवाड़ा में दादा की सिर पर चोट से मौत।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। राजस्थान में बांसवाड़ा जिले में शुक्रवार रात घर से बाहर जाने पर टोकने से नाराज 19 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर अपने दादा पर लाठी से हमला कर दिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने से 60 वर्षीय जेता राणा की मौत हो गई। आरोपित सुनीता वारदात के बाद फरार हो गई। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
थानाधिकारी देवीलाल मीणा के अनुसार, मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9 बजे आरोपित लाठी लेकर घर से बाहर जा रही थी।
जेता राणा ने उसे रोककर पूछा कि वह रात में कहां जा रही है। इस पर युवती गुस्से में आ गई और लाठी से जेता के सिर पर हमला कर दिया।
घायल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बांसवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात करीब 11:30 बजे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। स्वजन ने बताया कि युवती पिछले दो-तीन दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। वह 12वीं करने के बाद करीब एक साल पहले पढ़ाई छोड़ चुकी थी।
