अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से उत्साहित हो राजस्थान में रेत पर उकेरी भगवान श्रीराम की अनूठी प्रतिमा
Ayodhya Ram Mandir राम मंदिर निर्माण से उत्साहित बीकानेर के कलाकारों ने रेतीले धोरे पर अपनी कला के माध्यम से भगवान श्रीराम की प्रतिमा बनाकर प्रसन्नता व्यक्त की है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान रेतीले धोरों के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन के मौके पर राजस्थान में भी लोगों ने अपनी तरफ से किसी न किसी माध्यम से अपनी खुशी प्रकट की है। राम मंदिर निर्माण से उत्साहित बीकानेर के कलाकारों ने रेतीले धोरे पर अपनी कला के माध्यम से भगवान श्रीराम की प्रतिमा बनाकर प्रसन्नता व्यक्त की है।
इन सेंड आर्टिस्टों ने इस प्रतिमा के आगे दीप प्रज्जवलित कर भगवान श्रीराम का पूजन किया। बीकानेर से निकलने वाले जैसलमेर हाइवे पर नाल से पहले एक टीले पर सेंड आर्टिस्टों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की मिट्टी से प्रतिमा बनाई। इस प्रतिमा के दोनों तरफ सेंड आर्टिस्टों ने धनुष-कमान भी मिट्टी में उकेरे हैं। इसके साथ ही प्रतिमा के सामने जय श्री राम उकेर कर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा को प्रकट किया है। यह प्रतिमा हर किसी का बरबस ध्यान खींच रही है।
सेंड आर्टिस्ट महावीर स्वामी ने बताया कि बुधवार को पांच सौ वर्ष बाद यह मौका आया है जब भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर मर्यादा पुरूषोत्तम का भव्य मंदिर बनेगा। देशभर ही नहीं बल्कि विदेशों में खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि जब पीएम नरेंद्र मोदी अयोध्या में राममंदिर का भूमि पूजन कर रहे थे तो यहां हम सब कलाकार रामधुनी कर रहे थे।