अजय चौटाला बोले- भाजपा, जेजेपी गठबंधन सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी
अजय चौटाला बोले भाजपा-जेजेपी गठबंधन सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी-कांग्रेस हमारे लिए अछूतचौटाला परिवार ने हमेशा कांग्रेस विरोधी राजनीतिक की
जयपुर, जागरण संवाददाता। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पिता अजय चौटाला का कहना है कि हमारा परिवार हमेशा कांग्रेस विरोधी राजनीति करता रहा है। इस लिहाज से कांग्रेस हमारी लिए राजनीतिक रूप से अछूत है। उन्होंने कहा कि चौटाला परिवार का कभी भी कांग्रेस के साथ मिलकर राजनीति करने का सवाल ही नहीं उठता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और जन नायक जनता पार्टी (जेजेपी) के बीच गठबंधन मजबूत रहेगा। दोनों पार्टियां मिलकर हरियाणा का विकास करेगी। जयपुर आए अजय चौटाला ने यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस के खिलाफ राजनीति करते हुए ही हम पैदा हुए है।
एक सवाल के जवाब में हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पिता अजय चौटाला का कहना है कि हमने हमेशा कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ी है, उसके साथ खडा होना तो दूर की बात है, हम उससे हाथ मिलाने की भी नहीं सोच सकते। उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला में क्षमता है और वह भाजपा के साथ मिलकर हरियणा के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में कामयाब होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों ने कांग्रेस के खिलाफ मतदान किया है। कांग्रेस की भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार के कार्यकाल में जमकर भ्रष्टाचार हुआ था। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिया था।
हरियाणा का आम आदमी परेशान था, इसी कारण लोगों ने कांग्रेस को हराकर दूसरी बार भाजपा और जेजेपी की सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सहयोग से हरियाणा की भाजपा-जेजेपी गठबंधन सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।
राजस्थान से दो बार विधायक रहे अजय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में जेजेपी की मजबूती के बाद अब राजस्थान और दिल्ली में पार्टी का विस्तार किया जाएगा। दोनों राज्यों के पुराने नेताओं के साथ बातचीत चल रही है। चौटाला मंगलवार रात जयपुर में जेजेपी के महासचिव संजय चौपड़ा के आवास पर पहुंचे थे।