केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से पाक विस्थापितों में खुशी की लहर, राजस्थान में रह रहे करीब 25 हजार पाक विस्थापित
केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा नागरिकता संशोधन विधेयक-2019 को मंजूरी देने से राजस्थान में रह रहे पाक विस्थापित हिंदुओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
जयपुर, जागरण संवाददाता। केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा नागरिकता संशोधन विधेयक-2019 को मंजूरी देने से राजस्थान में रह रहे पाक विस्थापित हिंदुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पाक विस्थापित हिंदुओं का मानना है कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लिए गए इस निर्णय से उन्हे अब आसानी से नागरिकता मिल जाएगी। अब तक कई सालों तक प्रयास करने के बाद बड़ी मुश्किल से नागरिकता मिलती थी।
पाक विस्थापितों के लिए काम करने वाली संस्था सीमांत लोक संगठन के अध्यक्ष हिंदू सिंह सोढ़ा का कहना है कि राजस्थान में रह रहे अभी करीब 25 हजार पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता का इंतजार है। इनमें करीब 15 हजार लोग जोधपुर और उसके आसपास रह रहे हैं। केंद्र सरकार ने नागरिकता देने को लेकर करीब दो साल पहले दिशा-निर्देश जारी कर दिए,लेकिन औपचारिकताएं इतनी है कि पाक विस्थापितों को नागरिकता मिलने का काम धीरे चल रहा है।
उन्होंने बताया कि अधिकांश पाक विस्थापित जोधपुर,जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में रह रहे हैं। ये लोग पाकिस्तान में होने वाले अत्याचारों से परेशान होकर धार्मिक वीजा पर यहां आए,लेकिन अब वापस वहां नहीं जाना चाहते हैँ।
पिछले दिनों जयपुर में रह रहे 21 पाक विस्थापित हिंदुओं को भारतीय नागरिकता दी गई। इनमें शामिल जय आहूजा ने बताया कि वे कई सालों पहले धार्मिक वीजा पर भारत आए थे,अपने रिश्तेदारों से मिलने के बाद जयपुर में ही रह गए। अब हमें नागरिकता मिली है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के इस निर्णय से विस्थापित परिवारों में आसानी से नागरिकता मिलने की उम्मीद जगी है। मंगलवार को जालोर जिला कलेक्टर ने पांच पाक विस्थापितों को भारत की नागरिकता का प्रमाण पत्र दिया। इनमें शामिल डायाराम ने बताया कि वे अब खुशी से यहां रह सकेंगे। केंद्र सरकार के निर्णय पर उन्होंने खुशी जताई है।