Coronavirus: राजस्थान में कोरोना के 2180 नए मामले, 16 की मौत
Coronavirus राजस्थान में अब तक एक लाख 54 हजार 785 कोरोना वायरस पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 1621 हो गई है। प्रदेश में एक्टिव केस 21398 हैं।
जागरण संवाददाता, जयपुर। Coronavirus: राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2180 नए मामले सामने आए और 16 की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक एक लाख 54 हजार 785 कोरोना वायरस पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 1621 हो गई है। प्रदेश में एक्टिव केस 21,398 हैं। लगातार आठवें दिन दो हजार से अधिक रोगी ठीक भी हुए हैं। अब प्रदेश का रिकवरी रेट 94.83 प्रतिशत पहुंच गया है। सितंबर के शुरुआती आठ दिनों में 12433 रोगी मिले और 11060 ठीक हुए, यानी रिकवरी रेट अक्टूबर से छह प्रतिशत कम था। प्रदेश में अब तक 33.11 लाख से अधिक सैंपल की जांच हो चुकी है। एक लाख 31 हजार 766 कोरोना संक्रमित उपचार के बाद रिकवर हो चुके हैं। अस्पतालों से एक लाख 30 हजार 694 को डिस्चार्ज किया जा चुका है।
प्रदेश में सबसे अधिक 25,394 कोरोना पॉजिटिव केस जयपुर जिले में मिले हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर जोधपुर है, यहां 23,281 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। सबसे कम 848 कोरोना पॉजिटिव केस प्रतापगढ़ जिले में मिले हैं। प्रदेश के चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि अस्पतालों में सैंपल लेने की गति को पहले से अधिक बढ़ाया गया है। प्राइवेट लैब को भी अधिकृत किया गया है। इससे पहले राजस्थान में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2138 नए मामले सामने आए और 15 की मौत हुई थी। इस बीच, कोरोना वायरस संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने नो मास्क नो एंट्री अभियान चलाया है। इसके तहत सरकारी दफ्तारों में बिना मास्क के लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाता है। पुलिस ने कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना पहले से अधिक करना शुरू कर दिया है। पहले समझाइश पर अधिक जोर दिया जाता था, लेकिन अब जुर्माना करना शुरू किया गया है।