Rajasthan : कांग्रेस के मंत्री और विधायक ने अपनी ही सरकार के पुलिसकर्मियों को बताया भ्रष्टाचारी और निकम्मा
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक बोले एक मंत्री ने भ्रष्टाचार की सारे हदें पार कर दी मंत्री और विधायक ने अपनी ही सरकार के पुलिसकर्मियों को बताया भ्रष्टाचारी और निकम्मा
जयपुर , नरेन्द्र शर्मा। राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस के मंत्री और वरिष्ठ विधायक अपनी ही सरकार में पुलिस व प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। एक वरिष्ठ विधायक ने तो मंत्री पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से कार्रवाई की मांग की है। वहीं विधायक गिरिराज सिंह मलिंगा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक लक्ष्मण गौड़ की गिरफ्तारी की मांग की है।
करीब पौने दो साल पूर्व सत्ता में आई अशोक गहलोत सरकार के मंत्री और विधायक अपनी ही सरकार के खिलाफ मुखर होने लगे हैं। अपने ही मंत्रियोें व विधायकों द्वारा की जा रही भ्रष्टाचार की जांच की मांग के बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने राज्य भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को खुली छूट दी है। गहलोत ने ब्यूरो के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भ्रष्टाचार के मामले में सरकार जीरो टोलरेंस की नीति पर काम करेगी। भ्रष्टाचार की जहां भी शिकायत मिले, वहां तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए ।
ऐसे चल रहा अपनों को ही घेरने का आरोप
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री भरत सिंह ने प्रदेश के खानमंत्री प्रमोद जैन भाया को भ्रष्टाचार की गंगोत्री बताते हुए खान विभाग में जमकर पैसो का लेन-देन होने की बात पिछले दिनों कही। भरतसिंह ने एक बार फिर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि मंत्रिमंडल के एक सदस्य ने तो भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी है। मंत्री के भ्रष्टाचार से उनके विभाग के अधिकारी परेशान है। हालांकि उन्होंने पत्र में नाम नहीं लिया, लेकिन लिखा कि ऐसे मंत्री का नाम सब लोग जानते हैं। उन्होंने सीएम को संबोधित करते हुए लिखा कि भ्रष्टाचार के मामले में आपका बयान स्वागत योग्य है, लेकिन केवल बयान से सुधार होने वाला नहीं है।
उधर प्रदेश के खाघ एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमेश मीणा ने मीडिया के समक्ष अपनी ही सरकार की पुलिस को भ्रष्ट बता दिया। उन्होंने कहा, मैं मंत्री हूं, सरकार के खिलाफ बोलना उचित नहीं है, लेकिन किसी चीज को दबाना नहीं चाहिए। पुलिस में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट और निकम्मे पुलिसकर्मियों को छंटनी कर घर बैठा देना चाहिए। अपने गृह जिले करौली की चर्चा करते हुए मीणा ने कहा कि यहां अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस बजरी माफियाओं से मिलकर भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था मजाक बन कर रह गई है।
पुलिस महानिरीक्षक को गिरफ्तार करने की मांग
भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक लक्ष्मण गौड़ के नाम से दलाली करने वाले दलाल प्रमोद शर्मा की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक गिरिराज सिंह मलिंगा ने पुलिस महानिरीक्षक को गिरफ्तार करने की मांग की है। मुख्यमंत्री से मांग करते हुए उन्होंने कहा कि जब दलाल गिरफ्तार हो गया तो अफसर की भी गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने अपनी ही सरकार पर पुलिस महानिरीक्षक को बचाने का आरेाप लगाते हुए कहा कि वे बजरी के अवैध कारोबार में लिप्त है ।