Clash In Alwar: कुत्ता भौंकने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी की हत्या
Clash In Alwar. राजस्थान के अलवर में दो गुटों में संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया है।
जयपुर, जेएनएन। Clash In Alwar. राजस्थान के अलवर में कुत्ते के भौंकने को को लेकर दो पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े में एक ने दूसरे की जान ले ली। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अलवर शहर की बहुमंजिला आवासीय कॉलोनी अपना घर शालीमार में रहने वाले इंजीनियर संतोष शर्मा ने एक कुत्ता पाल रखा है। कुत्ते के भौंकने को लेकर उनकी पड़ोसी आकाश जाट से कई बार कहासुनी हो चुकी थी। रविवार रात संतोष अपने कुत्ते को लेकर टहल रहे थे। इसी दौरान कुत्ता भौंकने लगा तो आकाश की मां की संतोष से कहासुनी हो गई।
इसी बात से नाराज होकर आकाश घर से चाकू निकालकर लाया और संतोष पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू से संतोष के पेट और सीने में गंभीर घाव हो गए। संतोष को तत्काल अलवर के सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों ने आकाश को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकाश को हिरासत में ले लिया है। आकाश आयकर विभाग में कर सहायक के पद पर कार्यरत हैं। मृतक संतोष के दो लड़के और एक लड़कियां हैं।
इस बीच, अलवर जिले के न्याना गांव में गोवंश से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर मंदिर में घुस गई। हादसे में चार गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल गायों को उपचार के लिए अलवर के पशु चिकित्सालय में ले जाया गया है। घटना में दो कथित गो तस्कर भी घायल हो गए। गोविंदगढ़ पुलिस थाना अधिकारी के सज्जन सिंह के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार बजे यह घटना हुई।
उन्होंने बताया कि गोवंश को गोकशी के लिए गोबिंदगढ़ से सीकरी होते हुए हरियाणा ले जाया जा रहा था। अचानक गोवंश का वाहन अनियंत्रित होकर एक सड़क किनारे बने मंदिर में घुस गया, जिसके बाद वाहन पलट गया। इससे मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार हरियाणा के नगीना पुलिस थाना क्षेत्र निवासी शकील एवं वहीद भी घायल हो गए। इसी बीच, ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई और दोनों लोगों के साथ मारपीट की।