शादी समारोह से बैग उड़ाने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
Arrested in Theft case. शादी समारोह से बैग उड़ाने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सूत्र, जोधपुर। शादी समारोह में सजधज कर जाकर खाना-पीना कर बैग उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को जोधपुर की बोरानाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित को मध्य प्रदेश के राजगढ़ से पकड़ा गया है। उससे पूछताछ में आरोपित ने शहर के सरदारपुरा व राजीव गांधी नगर इलाके में बैग उड़ाने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
बोरानाड़ा थानाधिकारी राजूराम बामणिया ने बताया कि गत आठ जुलाई को जोधपुर के सीएचबी निवासी संजय कृष्ण व्यास ने रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि उनके भतीजे की सगाई समारोह का आयोजन पाल बाईपास स्थित एक होटल में हो रहा था। स्टेज के पास महिला का जेवरात और रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया गया।
पुलिस गिरोह के गुर्गे हाकम (21) को पकड़कर जोधपुर लाई। उसने प्रारंभिक पूछताछ में ही वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दो दिन की रिमांड में लिया है।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में बताया कि विवाह के सीजन में गिरोह यहां सक्रिय होता था। ऐसे में शहर के सार्वजनिक जगहों पर वे रुकते थे। इसके बाद शाम को महंगे कपड़े पहनकर विवाह समारोह स्थल में घुस जाते थे। वहीं, गिरोह का एक सदस्य बाहर गाड़ी में बैठकर उसका इंतजार करता था।
अंदर घुसा गिरोह का सदस्य लोगों से इस तरह बात करता जैसे वह कोई नजदीकी रिश्तेदार है। ये लोग मेल मिलाप के साथ खाना खाते थे। वह महिलाओं व मुख्य व्यक्ति के बैग पर नजर रखता था। जैसे ही उनका ध्यान भटकता वो बैग उठा समारोह स्थल से बाहर आ जाता और दूसरे साथी की गाड़ी में बैठ फरार हो जाता था। पुलिस को अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश है।