राजस्थान में जिताऊ सीटों पर विजय के साथ 180 का आंकड़ा पाने का भाजपा लक्ष्य
सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद वसुंधरा राजे ने पिछले सप्ताह दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी नेताओं से मिशन 180 के लिए 65 सीटों के आगे से गिनती प्रारंभ करने की बात कही।
जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। मिशन 180 को लेकर करीब 5 माह बाद होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ए ग्रेड की 65 विधानसभा सीटों को चिन्हित किया है। ये वे सीटें हैं, जिन पर भाजपा लगातार दो या इससे अधिक बार जीत रही है। अब भाजपा यह रणनीति बना रही है कि कम से कम 65 सीटों से गिनती प्रारंभ हो और फिर मिशन 180 तक पहुंचा जाए।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा मुंबई की एक निजी एजेंसी और सरकारी एजेंसियों से करवाए गए सर्वे के मुताबिक, साल 2008 और साल 2013 के विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर लगातार दो बार कमल खिला है, उन्हें एक कैटेगिरी में रखा गया है। ऐसी करीब 65 सीटें हैं। हालांकि करीब तीन माह पूर्व हुए दो संसदीय सीटों (अलवर और अजमेर) एवं एक विधानसभा सीट (मांडलगढ़) के उप चुनाव में भाजपा को ए ग्रेड की 17 विधानसभा सीटों पर भी हार का मुंह देखना पड़ा था। उप चुनाव में हार के बाद वसुंधरा राजे ने अलवर एवं अजमेर संसदीय सीटों एवं मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में अधिक ध्यान दिया। वसुंधरा राजे ने इन क्षेत्रों में लगातार चार-चार दिन तक रहकर आम लोगों के साथ संवाद किया और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया।
संगठन की ओर से भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को इन क्षेत्रों में तैनात किया गया। सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद वसुंधरा राजे ने पिछले सप्ताह दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी नेताओं से मिशन 180 के लिए 65 सीटों के आगे से गिनती प्रारंभ करने की बात कही। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना और वसुंधरा राजे ने इन सभी 65 विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। ये नेता चुनाव संपन्न होने तक वहीं रहेंगे। वसुंधरा राजे ने मंत्रियों और सांसदों को भी इन 65 विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा है। वसुंधरा राजे का मानना है कि 65 सीटों पर जीत तय करने के बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि वसुंधरा राजे ने मिशन 180 का नारा दिया है। राज्य विधानसभा में 200 सीटें हैं, वसुंधरा राजे ने इनमें से 180 जीतने का लक्ष्य रखा है।