एएसआइ पति से हेरोइन लाकर पट्टी में देने आई थी महिला एएसआइ
महिला एएसआइ रेनू बाला और उसके साथी निशान सिंह को पट्टी के बस स्टैंड नजदीक से काबू किया था।
संवाद सहयोगी, तरनतारन : एंटी नारकोटिक्स सेल पट्टी ने 29 अक्टूबर को हेरोइन सप्लाई करने वाली महिला एएसआइ रेनू बाला और उसके साथी निशान सिंह को पट्टी के बस स्टैंड नजदीक से काबू किया था। दोनों आरोपितों को जज मुनीश गर्ग की अदालत में पेश करके तीन दिन का रिमांड लिया गया। रिमांड के पहले दिन महिला एएसआइ ने खुलासा किया कि 50 ग्राम हेरोइन उसे उसके पति सुरिदर सिंह ने दी थी, जिसे पट्टी के निशान सिंह को सप्लाई करना था। उसका भी पंजाब पुलिस में एएसआइ है, जोकि पटियाला में तैनात है। पट्टी पुलिस ने आरोपी एएसआइ सुरिदर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ में जुटी हुई है।
बता दें कि 29 अक्टूबर को पटियाला के अर्बन एस्टेट थाने में तैनात महिला एएसआइ रेनू बाला बस के जरिए पंट्टी में निशान सिंह को 50 ग्राम हेरोइन सप्लाई करने आई थी। एंटी नारकोटिक्स सेल पट्टी के सब इंस्पेक्टर सुखराज सिंह ने दोनों को काबू कर लिया। दोनों तीन दिन के रिमांड पर चल रहे हैं। पट्टी के डीएसपी कमलप्रीत सिंह मंड ने कहा कि एएसआइ रेनू बाला, उसके पति सुरिदर सिंह और साथी निशान सिंह को रिमांड पर लिया गया है। तीनों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है।