पति की हत्या के केस में जमानत पर आई रणजीत ने पिता के घर से उड़ाए जेवर व नकदी
विवाह के तीन माह बाद अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने वाली रणजीत कौर की पिता द्वारा जमानत करवा दी गई।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन : विवाह के तीन माह बाद अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने वाली रणजीत कौर की पिता द्वारा जमानत करवा दी गई। जेल में रहते समय रणजीत कौर ने रेखा रानी नामक जिस युवती से दोस्ती की, उसी से मिलकर अपने पिता के घर से चार लाख की नकदी और 13 तोले सोने के जेवरात चोरी कर लिए। थाना सदर पट्टी की पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पट्टी के गांव जल्लोके निवासी बलकार सिंह ने बताया कि उसने अपनी बेटी रणजीत कौर का विवाह अप्रैल 2016 में फिरोजपुर जिले के गांव रुकनेवाल निवासी गुरलव सिंह से किया था। विवाह के तीन माह बाद रणजीत कौर के गांव कालेके निवासी पवित्र सिंह नामक युवक के साथ अवैध संबंध बन गए। अवैध संबंधों का पता गुरलव सिंह को लग गया। इस दौरान रणजीत कौर ने अपने प्रेमी पवित्र सिंह से मिलकर जुलाई 2016 में पति गुरलव सिंह की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को नहर में खुर्द-बुर्द कर दिया। गुरलव सिंह के परिजनों ने रणजीत कौर व उसके प्रेमी पवित्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया। दोनों को पुलिस ने बकायदा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बलकार सिंह ने बताया कि घटना के पांच वर्ष बाद (मई 2021) वकील करके अपनी बेटी की अदालत से जमानत मंजूर करवा ली। पति की हत्या के केस में जेल में रहते समय रणजीत कौर की दोस्ती फाजिल्का जिले के गांव काठगढ़ की निवासी रेखा रानी नामक युवती से हो गई। रेखा रानी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल में बंद थी।
बलकार सिंह मुताबिक रणजीत कौर जमानत के बाद अपने पिता बलकार सिंह के पास गांव जल्लोके रहने लगी। रणजीत कौर को मिलने के लिए कई बार रेखा रानी भी यहां आ जाती थी। कई बार सप्ताह भर के लिए रणजीत के साथ रहती थी। इसके चलते बलकार सिंह को कोई संदेह नहीं हुआ। बासमती की फसल बेचकर बलकार सिंह ने चार लाख की राशि घर की अलमारी में रखी थी। 30 नवंबर को रेखा रानी मोटरसाइकिल पर बेटी को मिलने गांव जल्लोके आई। बाद दोपहर घर की अलमारी से चार लाख की राशि व 13 तोले सोने के जेवरात लेकर रणजीत कौर व रेखा रानी रफू-चक्कर हो गई। बलकार सिंह ने अलमारी से नकदी और सोने के जेवरात गायब देखकर बेटी रणजीत कौर को फोन किया। उसने कहा कि पैसे और जेवरात रेखा रानी के पास है। फिर दोनों ने आश्वासन दिया कि एक-दो दिन में पैसे और जेवरात लौटा देंगी। मगर बाद में दोनों के मोबाइल फोन स्वीच आफ हो गए। बलकार सिंह ने सब डिवीजन पट्टी के डीएसपी कुलजिदर सिंह को शिकायत दी। इसकी जांच एएसआइ जसप्रीत सिंह ने की। जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना सदर पट्टी में रणजीत कौर व रेखा रानी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।