तरनतारन में दो लड़कियों व युवक को हथियारों से काट डाला, प्रेम संबंधों के शक में दिया घटना को अंजाम
तरनतारन के एक गांव में प्रेम संबंधों के शक में दो लड़कियों व एक युवक की तेजधार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई।
जेएनएन, तरनतारन। प्रेम संबंधों के संदेह में थाना हरिके पत्तन के गांव कोट दत्ता में दो लड़कियों व एक युवक की तेजधार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप लड़की के चचेरे भाइयों पर है। युवक व एक लड़की ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, दूूूूूसरी लड़की की अस्पताल में मौत हो गई। मौके पर पुलिस बल पहुंच गया है। अभी शव घटनास्थल पर ही पड़े हैं। पुलिस जांच के बाद ही इन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर जाएगी।
बताया जा रहा है कि मृतक दोनों लड़कियां चचेरी बहनें हैं। इनमें से रमनदीप कौर नाबालिग थी, जबकि अमनदीप कौर बालिग थी। लड़की रमनदीप व युवक जोबनजीत सिंह (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमनदीप कौर नामक युवती गंभीर घायल हो गई थी। उसे इलाज लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना का पता चलते ही मौके पर डीएसपी कमलजीत सिंह औलख, कमलप्रीत सिंह मंड, थाना प्रभारी जरनैल सिंह सरां, चंद्र भूषण पहुंचे। हत्याकांड को अंजाम देने वाले लोग कौन हैंं, यह अभी पता नहीं चल पाया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि लड़की एससी समुदाय से संबंधित हैंं, जबकि युवक किसान का लड़का है। कहा जाता है कि इस घटनाक्रम को लड़कियों के चचेरे भाई ने अपने साथियों से मिलकर अंजाम दिया है। अभी तक मृतकों के परिजनों ने बयान दर्ज नहीं करवाए हैँ।