पट्टी में जच्चा-बच्चा सेहत केंद्र पहले से बन रहा, सरकार बजट में अब मंजूरी दिखा लूट रही वाहवाही
पंजाब विधानसभा में पेश किए बजट में राज्य भर में आठ जच्चा-बच्चा सेहत केंद्र बनाने को स्वीकृति दी गई।
जासं, तरनतारन : पंजाब विधानसभा में पेश किए बजट में राज्य भर में आठ जच्चा-बच्चा सेहत केंद्र बनाने को स्वीकृति दी गई। इनमें पट्टी अस्पताल का नाम भी शामिल है। हैरानी की बात यह है कि मान सरकार ने जिस प्रोजेक्ट को स्वीकृति देने की बात कही है वह प्रोजेक्ट 25 दिसंबर 2021 को कांग्रेस की पूर्व सरकार ने ही शुरू करवा दिया था।
30 बेड वाला जच्चा-बच्चा सेहत केंद्र साढ़े सात करोड़ की लागत से कांग्रेस की पूर्व सरकार द्वारा मंजूर किया गया था। 25 दिसंबर, 2021 को तत्कालीन उप-मुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी ने इस प्रोजेक्ट का नींव पत्थर रखते हुए कामकाज भी शुरू करवा दिया था, क्योंकि इस प्रोजेक्ट के टेंडर मंजूर हो चुके थे। इस पर पट्टी के पूर्व विधायक हरमिदर सिंह गिल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के पास कोई फार्मूला नहीं। कांग्रेस की पूर्व सरकार के समय शुरू करवाए प्रोजेक्टों पर वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। गिल ने बताया कि 25 दिसंबर, 2021 को शुरू हुए प्रोजेक्ट का 70 प्रतिशत काम मुकम्मल हो चुका है। सरकारी कालेज में बनेगा पुस्तकालय
बजट में सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-2023 के दौरान नौ पुस्तकालय बनाने को स्वीकृति दी है। 30 करोड़ की लागत से बनने वाले इन पुस्तकालयों में एक पुस्तकालय श्री गुरु अर्जन देव सरकारी कालेज, तरनतारन में बनाया जा रहा है। यहां बता दें कि केंद्र में जब डा. मनमोहन सिंह के नेतृत्व की सरकार थी तो इस कालेज में केंद्रीय खेल मंत्री डा. मनोहर सिंह गिल की ओर से पुस्तकालय बनाया गया था। समय की जरूरत के मुताबिक कालेज में पुस्तकालय को हाईटेक करने के लिए पूर्व सरकार द्वारा ही मंजूरी दी गई थी। इस पर मुहर लगाते हुए राज्य सरकार की ओर से सरकारी कालेज में अब पुस्तकालय बनाने की स्वीकृति दी गई।