गांव पिद्दी में आज शक्ति प्रदर्शन करेंगे इकबाल सिंह संधू
तरनतारन : मार्च माह में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते एसएस बोर्ड के पूर्व सदस्य इकबाल सिंह संधू को शिअद से बाहर निकाल दिया था।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन : मार्च माह में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते एसएस बोर्ड के पूर्व सदस्य इकबाल सिंह संधू को शिअद से बाहर निकाल दिया था। जिसके बाद संधू ने खडूर साहिब हलके में अपनी किस्मत अजमानी शुरू कर दी। पूर्व सांसद रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा का शिअद से किनारा करते ही इकबाल सिंह ने शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी कर ली है। 10 नवंबर को खडूर साहिब हलके के गांव पिद्दी में रैली आयोजित की जा रही है। रैली में किसी गायक, कलाकार व किसी नेता को नहीं बुलाया, बल्कि इकबाल सिंह संधू अकेले ही मंच पर संबोधन करते शक्ति प्रदर्शन करेगे। कुछ दिन पहले पूर्व सांसद रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने चोहला साहिब में शक्ति प्रदर्शन किया था।
कार्यक्रम की तैयारी जत्थेदार ब्रह्मपुरा के लड़के रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा (पूर्व विधायक) ने कर ली है। शिअद की ओर से ब्रह्मपुरा परिवार के खिलाफ भले ही कोई अनुशासनीय कार्रवाई के अभी तक संकेत नहीं दिए। सूत्रों की मानें तो जत्थेदार ब्रह्मपुरा द्वारा शिअद से त्याग पत्र देते ही उनके लड़के रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा का शिअद में सियासी भविष्य खतरे में पड़ चुका है। ब्रह्मपुरा परिवार के हाशिये पर आते ही एसएस बोर्ड के पूर्व सदस्य इकबाल सिंह संधू ने शक्ति प्रदर्शन करने का फैसला किया। हलके के कुल 136 गांवों को 8 जोनों को बांट कर गांव पिद्दी में रैली की जा रही है। इकबाल सिंह संधू का कहना है कि पार्टी की मजबूती के लिए काम करने के बावजूद रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने शिअद से निकलवाया। अब ब्रह्मपुरा परिवार सियासी जमीन की तलाश में है। संधू ने कहा कि फतेह ग्रुप द्वारा आयोजित की जा रही रैली खडूर साहिब हलके के लिए एतिहासिक साबित होगी।