डैमेज कंट्रोल में जुटे शिरोमणि अकाली दल पखोके को सौंप सकता है बड़ी जिम्मेदारी
तरनतारन : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा डैमेज कंट्रोल को लेकर लोक सभा के सदस्यों जत्थेदार रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा के भांजे अलविंदरपाल सिंह पखोके को बडी जिम्मेदारी देने का फैसला लिया गया है।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा डैमेज कंट्रोल को लेकर लोक सभा के सदस्यों जत्थेदार रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा के भांजे अलविंदरपाल सिंह पखोके को बडी जिम्मेदारी देने का फैसला लिया गया है। पखोके को एसजीपीसी में स्थान मिलता है या फिर उनको दोबारा शिअद की जिला जत्थेदारी से नवाजा जाता है। यह फैसला इसी सप्ताह हो जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के करीबी रहे जत्थेदार रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने अपने भांजे अलविंदरपाल सिंह पखोके को तरनतारन से 1996 में एसजीपीसी की टिकट दिलाई थी। चुनाव जीतने को बाद पखोके लगातार एसजीपीसी के सदस्य चले आ रहे हैं। वर्ष 2000 में उनको एसजीपीसी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। 2002 में कमेटी अध्यक्ष जत्थेदार गुरचरन सिंह टोहड़ा के देहांत के बाद पखोके 9 माह तक कमेटी कार्यवाहक अध्यक्ष रहे। 2002 में उनको विधान सभा हलका तरनतारन से टिकट दिया गया, लेकिन वह चुनाव हार गए। 2007 के चुनाव में पखोके ने दोबारा टिकट पर दावा जताया परंतु मौजूदा विधायक हरमीत सिंह संधू को टिकट दिया गया। पार्टी से नाराज होते ही पखोके को शिअद की जिला जत्थेदारी सौंपी गई। करीब 7 साल जिला प्रधान रहे पखोके को पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने किनारे करते हुए प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा को तरनतारन का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। इसके अलावा पखोके को बादल सरकार के कार्यकाल में पंजाब वेयर हाउस के चेयरमैन व सूचना कमिशन पंजाब का सदस्य भी बनने का मौका मिला। माझे के जरनैल के नाम से मशहूर जत्थेदार रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा द्वारा पार्टी से त्याग पत्र दिया गया तो जत्थेदार अलविंदरपाल सिंह पखोके ने अपने मामा जत्थेदार ब्रह्मपुरा का दामन छोड़ बिक्रम सिंह मजीठिया का साथ पकड़ लिया। सूत्रों के मुताबिक जत्थेदार पखोके को पार्टी में सम्मानजनक पद दिलाने का बिक्रम सिंह मजीठिया ने वादा किया। इस वादे को अमली जामा पहनाने लिए शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पखोके को बहुत जल्द तोहफा देने का आश्वासन दिया। सूत्रों की माने तो आने वाले दिनों में एसजीपीसी की नई कार्यकरणी में अच्छा पद देने या दोबारा शिअद जिला जत्थेदारी सौंपने पर फैसला हो सकता है।
अलविंदरपाल सिंह पखोके ने कहा कि वह शुरू से ही शिअद को समर्पित रहे है। पार्टी ने मुझे पहले भी बहुत सारी जिम्मेदारी दी। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल व बिक्रम सिंह मजीठिया अगर उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंपते हैं तो उसे इमानदारी से निभाउंगा।