रेत लेने जा रहे हरबिंदर कौर उसमां के भाई पर हमला, केस दर्ज
तरनतारन : पुलसिया कहर का शिकार दलित लड़की हरबिंदर कौर उसमां के भाई से गांव के ही कुछ लोगों ने मारपीट की। मारपीट में घायल रविंदर सिंह को कैरों के अस्पताल भर्ती करवाया गया।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : पुलसिया कहर का शिकार दलित लड़की हरबिंदर कौर उसमां के भाई से गांव के ही कुछ लोगों ने मारपीट की। मारपीट में घायल रविंदर सिंह को कैरों के अस्पताल भर्ती करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि गांव उसमां निवासी हरबिंदर कौर की तरनतारन में विवाह समागम के दौरान पुलिस ने मारपीट की थी। यह मामला सड़क से लेकर संसद तक उठा था।
हरबिंदर कौर उसमां ने बताया कि उसका भाई रात 8 बजे अपने घर से रेत लेने लिए पंचायत घर जा रहा था। रास्ते में काका सिंह नशे की हालत में मिला। आरोपित काका सिंह ने हरबिंदर सिंह का नाम लेकर गालियां देना शुरू कर दिया। दोनों के बीच विवाद हुआ। राह जाते लोगों ने मामला शांत कर दिया। रविंदर सिंह रेत लेकर वापिस लौट रहा था कि काका सिंह ने अपने भाई जगतार सिंह, पिता अवतार सिंह, ताया जसपाल सिंह समेत रविंदर सिंह पर हमला कर दिया। हमले में घायल रविंदर सिंह को कैरों के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। थाना सरहाली के प्रभारी कमलप्रीत सिंह, नौशहरा पन्नूआ चौकी इंचार्ज रजिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और रविंदर सिंह के बयान पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।