डीजीपी साहब सियासी दबाव में दहेजलोभियों को बचा रही पुलिस
तरनतारन : दहेज की मांग न पूरी करने पर प्रताड़ित कर ससुराल घर से निकाली महिला ने डीजीपी से इंसाफ की गुहार लगाई है।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन : दहेज की मांग न पूरी करने पर प्रताड़ित कर ससुराल घर से निकाली महिला ने डीजीपी से इंसाफ की गुहार लगाई है। डीजीपी को पत्र से बताया कि पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। सियासी दबाव के चलते सास और जेठानी को केस में नामजद नहीं किया गया। दरअसल, गांव कसेल वासी निशान सिंह की बेटी राजविंदर कौर का जनवरी 2016 को विवाह गांव झीते कलां वासी जगतार सिंह के लड़के हरदीप सिंह से हुआ। पीड़िता ने बताया कि हरदीप सिंह की पहले दूसरी जगह शादी तय हुई थी जबकि विवाह से कुछ दिन पहले लड़की वालों ने हरदीप सिंह के परिवार वालों को जवाब दे दिया। हरदीप के विवाह के लिए जो पहले तारीख तय की थी। उसी तिथि पर बचौले ने परिवार को धोखे में रखकर शादी के लिए राजी करवा लिया। शादी होने के कुछ समय के बाद पति, सास और ननद ने दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। इसके बाद हरदीप सिंह के अवैध संबंधों का पता चला तो उसका विरोध किया। इस बाबत 5 जून को शिकायत नंबर 821 दर्ज करवाई। जिसकी जांच को 5 माह का समय लगा। अब पुलिस ने केवल हरदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि हरदीप सिंह ने खुद को बेकसूर करार देते कहा कि उसे बेवजह परेशान किया जा रहा है।
आरोपित की तलाश जारी
उधर एसपी तिलक राज का कहना है कि राजविंदर कौर की शिकायत की डीएसपी (एच) ने जांच की थी। जांच में जो बेकसूर साबित हुए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। हरदीप सिंह आरोपित पाया गया। उसके खिलाफ थाना सराए अमानत खां में मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि एसआइ सुखविंदर सिंह की ओर से आरोपित हरदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।