बैंक का शटर काट सेफ तोड़ने का प्रयास
तरनतारन : शुक्रवार की रात को अज्ञात आरोपितों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच पलासौर का शटर काट बैंक में प्रवेश किया और सेफ तोड़ने का प्रयास किया परंतु कामयाबी नहीं मिल पाई।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : शुक्रवार की रात को अज्ञात आरोपितों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच पलासौर का शटर काट बैंक में प्रवेश किया और सेफ तोड़ने का प्रयास किया परंतु कामयाबी नहीं मिल पाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
करीब दो माह पहले पलासौर रोड पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की नई ब्रांच का उद्घाटन हुआ था। शुक्रवार की शाम को निधार्रित समय पर बैंक बंद हुआ। आधी रात को 12:40 पर करीब 5 आरोपितों ने बैंक का शटर काटा और भीतर प्रवेश किया। आरोपितों ने बैंक की सेफ को गैस कटर से काटना चाहा, लेकिन सफल नहीं हुए। आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना का पता शनिवार की सुबह 8:45 पर लगा। ब्रांच मैनेजर राहुल शर्मा ने पुलिस को खबर की। मौके पर एसएसपी दर्शन सिंह मान, एसपी तिलक राज, डीएसपी सतनाम सिंह, सुच्चा सिंह बल्ल, थाना सिटी प्रभारी सुखराज सिंह पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया गया। डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि ब्रांच मैनेजर राहुल शर्मा के बयानों पर थाना सिटी में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने मौके आरोपितों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ सुराग मिले हैं : थाना प्रभारी थाना सिटी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुखराज सिंह ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मुताबिक सभी आरोपितों ने भले ही अपने चेहरे ढके हुए थे। परंतु जाते हुए कुछ ऐसे सुराग छोड़ गए है। जिनके आधार पर उनकी शिनाख्त यकीनी हो सकती है। उन्होंने बताया कि इलाके के हिस्ट्री शीटर आरोपितों की सूची भी खंगाली जा रही है।