सरपंच ने पिता और साथियों से मिलकर चलाई पूर्व सरपंच पर गोलियां
गांव मीयांपुर के पूर्व सरपंच डॉ. सुरजीत सिंह पर चुनावी रंजिश के चलते मौजूदा सरपंच ने पिता और अपने साथियों से मिलकर 12 बोर राइफल से गोलियां चलाई। गोली लगने से पूर्व सरपंच घायल हो गया।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : गांव मीयांपुर के पूर्व सरपंच डॉ. सुरजीत सिंह पर चुनावी रंजिश के चलते मौजूदा सरपंच ने पिता और अपने साथियों से मिलकर 12 बोर राइफल से गोलियां चलाई। गोली लगने से पूर्व सरपंच घायल हो गया। आरोपित जाते समय पूर्व सरपंच की गाड़ी की भी तोड़फोड़ कर गए।
विधानसभा हलका तरनतारन के गांव मीयांपुर निवासी डॉ. सुरजीत सिंह ने बताया कि वह गांव का पूर्व सरपंच है। देर सायं साढे़ सात बजे गांव ढंड से क्लीनिक बंद करके कार (पीबी 46 आर 8013) पर सवार होकर घर लौट रहा था कि गांव दोदे नहर के पास गांव का सरपंच अमृतपाल सिंह बाठ अपने पिता सतनाम सिंह व 10 अज्ञात लोगों समेत वहां आया। उसने कार को रोककर 12 बोर राइफल से गोलियां चलाई। एक गोली उसकी टांग पर लगी। जाते हुए आरोपित कार की तोड़फोड़ कर गए। सुरजीत सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान वह शिअद समर्थक था, जबकि अमृतपाल सिंह बाठ कांग्रेस की तरफ से चुनाव जीता था। सुरजीत सिंह को उसके साथी गुरप्रीत सिंह खारा, इंद्रजीत सिंह ने उसे अस्पताल दाखिल करवाया, यहां से उसे अमृतसर के अस्पताल रेफर कर दिया। डीएसपी सुच्चा सिंह बल, थाना सराय अमानत खां के प्रभारी दविंदर कुमार मौके पर पहुंचे। पूर्व सरपंच सुरजीत सिंह के बयानों पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।