विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तरनतारन में रंगदारी के लिए गोली चलाने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में काबू, जवाबी फायरिंग में टांग पर लगी गोली

Published: Wed, 15 Jul 2026 02:24 PM (IST)

तरनतारन में रंगदारी के लिए फायरिंग करने के आरोपित साहिल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी ...और पढ़ें

तरनमारन में हुए एनकाउंटर की जगह का जायजा लेते हुए अधिकारी।

तरनमारन में हुए एनकाउंटर की जगह का जायजा लेते हुए अधिकारी।

HighLights

  1. रंगदारी और फायरिंग के आरोपी साहिल मुरादपुरा गिरफ्तार।

  2. पुलिस मुठभेड़ में बदमाश की टांग में लगी गोली।

  3. अवैध पिस्तौल और मोटरसाइकिल मौके से बरामद।

जागरण संवाददाता, तरनतारन। पंजाब के तरनतारन जिले में रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार दोपहर केंद्रीय जांच एजेंसी शाखा और थाना सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान रंगदारी के लिए गोलीबारी करने के आरोपित साहिल मुरादपुरा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपित ने नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसकी टांग में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से एक अवैध पिस्तौल और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने बताया कि अटारी-कपूरथला मार्ग पर केडी इंटरनेशनल स्कूल के पास कसूर नाले के किनारे, गांव जरमस्तपुर की सीमा में पुलिस ने विशेष नाकाबंदी की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि जंडियाला रोड स्थित पन्नू पेंट स्टोर पर गोलीबारी करने वाले कुछ बदमाश इलाके में घूम रहे हैं।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में किसानों ने जाम किया राष्ट्रीय राजमार्ग, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन करेंगे तेज; यातायात प्रभावित

रुकने का इशारा किया तो कर दी फायरिंग

पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित की टांग में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

बाद में उसकी पहचान साहिल मुरादपुरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पहले बोतल बम हमला, फिर फायरिंग का आरोप

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जंडियाला रोड स्थित पन्नू पेंट स्टोर से जुड़े परिवार को पहले बोतल बम से निशाना बनाने का प्रयास किया गया था। उस मामले में शामिल आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

जांच में सामने आया है कि बोतल बम हमले के बाद उसी परिवार में दहशत फैलाने के उद्देश्य से दोबारा फायरिंग की गई थी। पुलिस का दावा है कि इस गोलीबारी में साहिल मुरादपुरा भी शामिल था और उसी की तलाश की जा रही थी।

यह भी पढ़ें- 'यह गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं...', भूपेश बघेल का चन्नी को सीधा जवाब; राजा वड़िंग बने रहेंगे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष

आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब साहिल मुरादपुरा का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन-किन मामलों में शामिल रहा है और उसका संबंध किन अपराधी गिरोहों से है। साथ ही उसके अन्य साथियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे।

यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट के आदेश पर पंचायती जमीन का कब्जा हटाने पर बवाल, तरनतारन के गांव में चली गोलियां; दो गंभीर घायल