घर में चल रही थी बेटी की मंगनी की तैयारी, फिर अचानक आई एेसी खबर
घर में बेटी की मंगनी की तैयारी चल रही थी। इस दौरान अचानक खबर मिली की उसके पिता की झारखंड के खूंटी में नक्सलियों ने हत्या कर दी।
जेएनएन, खडूर साहिब (तरनतारन)। आठ माह पहले परिवार से मिलकर काम पर गए ट्रक चालक जोगा सिंह के घर में बेटी की मंगनी तैयारी चल ही रही थी कि अचानक फोन की एक घंटी ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव वडि़ंग सूबा सिंह निवासी पाल सिंह का लड़का जोगा सिंह ट्राला चालक का काम करता था। उसकी पत्नी निंदर कौर की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। एक बेटी शादीशुदा है, जबकि दूसरी अर्शदीप कौर की मंगनी की बात चल रही थी।
झारखंड और बिहार में आदिवासियों की गिरफ्तारी के खिलाफ 3 अगस्त को बंद की काल थी, जिससे बेखबर जोगा सिंह अपना ट्राला राउरकेला से लेकर जमशेदपुर जा रहा था कि अभी राष्ट्रीय मार्ग पर 4 किलोमीटर का सफर तय किया था। झारखंड के जिला खूंटी के तहत गांव आड़ाघाटी में नक्सलियों ने गोली मार कर जोगा सिंह की हत्या करने के बाद उसे ट्राले में जिंदा जला दिया।
हत्या की खबर दो दिन बाद जब जोगा सिंह के परिवार को मिली तो सभी के पैरों से जमीन खिसक गई। मध्यमवर्गीय परिवार से संबंधित जोगा सिंह की हत्या से परिवार सदमे में है, वहीं इस कारण उनका दुख और बढ़ गया है कि जोगा सिंह का अंतिम संस्कार करने लिए शव नहीं लाया जा सकता।
जोगा सिंह का 13 वर्षीय मासूम लड़का बलजीत सिंह बिलखते हुए कह रहा था कि डैडी तूं ते कहंदा सी मैैं ढेर सारा सामान लैके आउंगा पर की हो गया। सानू तेरी लाश वी वेखनी नसीब नहीं हुई। (पापा तुम तो कहते थे मैं ढेर सारा सामान लेकर आऊंगा पर मुझे तो आप लाश देखने को नहीं मिली।)
जोगा सिंह के चचेरे भाई रणजीत सिंह, बहन बलजिंदर कौर, जीजा इकबाल सिंह ने कहा कि जोगा सिंह की हत्या करने वाले नक्सलियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। साथ ही परिवार ने मुआवजे के तौर पर एक करोड़ की राशि की मांग की।
नेताओं ने जताया परिवार से दुख
खडूर साहिब के अकाली सांसद जत्थेदार रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, विधायक रमनजीत सिंह सिक्की, पूर्व विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष भूपिंदर सिंह बिट्टू ने जोगा सिंह के परिवार से गहरा दुख व्यक्त किया।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें