मजदूरों को पड़े रोटी के लाले, सरकार कह रही पंजाब प्रगति की राह पर: चीमा
। किसानों की आर्थिक हालत लगातार खराब हो रही है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा।
जागरण संवाददाता, खडूर साहिब : किसानों की आर्थिक हालत लगातार खराब हो रही है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। मजदूर वर्ग को रोटी, कपड़ा और मकान के लाले पड़े हुए है। ऐसे में अगर कांग्रेस सरकार कहे कि पंजाब प्रगति के रास्ते पर है तो शर्म की बात है।
यह शब्द आम आदमी पार्टी के विधायक एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहे। बुधवार की शाम खडूर साहिब के गांव डेहरा साहिब में पहुंचे चीमा ने कहा कि चुनाव मेनिफेस्टो को रद्दी की टोकरी में फेंकने वाली कैप्टन सरकार को लोग कभी माफ नहीं करेंगे। इस सरकार ने पंजाब की किसानी और जवानी को तबाही की कगार पर खड़ा कर दिया है। प्रदेश में अमन-कानून की हालत बिगड़ती जा रही है। जनता की सरकारी दफ्तरों में सुनवाई नहीं हो रही, क्योंकि अफसरशाही कांग्रेस के विधायकों और मंत्रियों को खुश करने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को दिल्ली की तर्ज पर कुशल प्रबंध देने लिए आप कोई कसर नहीं छोड़ेगी। लोगों को भी चाहिए कि आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताए। इस दौरान गौरी वड़िंग, कुलदीप सिंह धालीवाल, मनजिंदर सिंह सिद्धू, डॉ. कश्मीर सिंह सोहल, गुरप्रताप सिंह, इकबाल सिंह जीरा, पलविंदर सिंह राणीवलाह, अमरिदर सिंह ऐरी जीओबाला ने भी बैठक को संबोधित किया।
बैठक मौके केवल सिंह चोहला साहिब, लखविंदर सिंह रत्तोके, अवतार सिंह, गुरजीत सिंह मुंडापिंड, सविंदर सिंह चंबा, गुरमुख सिंह, हरजिंदर सिंह तुड़, गुलजार सिंह घड़का, सुखविंदर सिंह, अमृत सिंह राणीवलाह, मेजर सिंह आदि मौजूद थे।