विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रंगदारी न देने पर तरनतारन के पट्टी में दो घरों पर हुई फायरिंग, ऑडियो भेजकर दी धमकी; दहशत में लोग

Published: Sun, 14 Jun 2026 11:58 AM (GMT+05:30)

पट्टी शहर में रंगदारी मांगने के बाद दो अलग-अलग घरों पर फायरिंग की गई। मेडिकल स्टोर संचालक सहित दो परिवारों ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।

ये AI जनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. पट्टी में रंगदारी न देने पर दो घरों पर फायरिंग हुई।

  2. हमलावरों ने मोटरसाइकिल पर आकर घरों के बाहर गोलियां चलाईं।

  3. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, तरनतारन (पट्‌टी)। तरनतारन जिले के पट्टी शहर में शनिवार देर रात हुई दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रंगदारी की मांग से जुड़े इन मामलों के बाद शहर के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। दोनों घटनाओं में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने घरों के बाहर गोलियां चलाकर लोगों को डराने की कोशिश की। 

पहली घटना पट्टी के वार्ड नंबर 18 स्थित विशाल कॉलोनी की है। यहां रहने वाले मेडिकल स्टोर संचालक दीपक मेहता के घर के बाहर देर रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। जानकारी के अनुसार हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और घर के बाहर छह गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को जा लगी।

यह भी पढ़ें- डिजिटल होगा चंडीगढ़, शहर में बनेगा एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस; सरकारी कामकाज में आएगी अभूतपूर्व तेजी

गोलियां चलाने के बाद भेजी ऑडियो

पीड़ित दीपक मेहता ने बताया कि पट्टी मोड़ पर उनका मेडिकल स्टोर है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उन्हें डराने और दबाव बनाने के उद्देश्य से गोलियां चलाई जा चुकी हैं। उनका कहना है कि ताजा घटना के बाद उन्हें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी गई, जिसमें प्रभ दासूवाल नामक व्यक्ति की ओर से रंगदारी मांगी गई। घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

इसी रात शहर के एक अन्य निवासी परवेज मरवाहा, पुत्र गोपाल दास, के घर के बाहर भी फायरिंग की घटना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और घर को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-कटड़ा हाईवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; दो की मौत

पुलिस ने जांच की शुरू

एक ही रात में दो घरों पर हुई फायरिंग की घटनाओं ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। व्यापारिक वर्ग में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पट्टी के पुलिस उपाधीक्षक रविशेर सिंह ने बताया कि दोनों घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध युवकों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। फिलहाल शहर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है तथा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पंजाब में मुफ्त तीर्थयात्रा का दायरा बढ़ा, सालासर धाम, हरिद्वार और मथुरा-वृंदावन के लिए भी चलेंगी बसें