उसमां टोल प्लाजा से रोज गुजर रहे चार हजार से अधिक वाहन
। लगभग एक महीने तक पूरी तरह से बंद रहे गांव उसमां के टोल प्लाजा पर मौजूदा समय में रोजाना चार हजार से अधिक वाहन गुजर रहे हैं।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन : लगभग एक महीने तक पूरी तरह से बंद रहे गांव उसमां के टोल प्लाजा पर मौजूदा समय में रोजाना चार हजार से अधिक वाहन गुजर रहे हैं। टोल प्लाजा के सभी लेन ओपन कर दिए गए हैं। कर्फ्यू व लॉकडाउन से पहले टोल पर एक दिन में छह हजार के करीब वाहनों की एंट्री होती थी।
जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के बीच मार्बल, फ्रूट, रेत, सीमेंट, प्याज के अलावा अन्य सामग्री के बड़े ट्रकों की पहले की तरह आमद होने लगी है। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू लगा। अगले ही दिन पंजाब में कर्फ्यू लग गया। एक माह तक लगातार यह टोल प्लाजा बंद रहा। 21 अप्रैल की रात को टोल प्लाजा खोला गया। तब एक-एक लेन ही खोली गई थी। अब पंजाब में कर्फ्यू खत्म होते ही वाहनों की आवाजाही बढ़ने लगी है। उसमां टोल प्लाजा के सभी छह लेन को खोल दिया गया है। दो लेन कैश वाली है। चार लेन फास्टैग से संबंधित हैं। अधिकारी बताते हैं कि एक सप्ताह के दौरान टोल से गुजरने वाले वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ है। इस टोल पर 72 कर्मचारियों का स्टाफ तैनात है। पूरा स्टाफ मास्क व ग्लव्ज पहनकर ड्यूटी दे रहा है। साथ ही सैनिटाइज करने की व्यवस्था की गई है। टोल पर लंबी कतारें न लगें, इसीलिए सभी लेन पर सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं।
ईआरओ गुरमीत सिंह ने बताया कि मैनेजर अयूब खान के आदेशों पर टोल प्लाजा पर बाकायदा स्प्रे किया जाता है।
टोल फीस में हुई बढ़ोतरी
अप्रैल माह से टोल फीस में पांच फीसद बढ़ोतरी की गई है। पहले कार की एंट्री फीस 125 रुपये थी जो 130 की गई है। इसके अलावा एलसीवी की 200 रुपये से 205, बस व ट्रक की 420 से 435, बड़ी गाड़ियों की 455 से 475, जेसीबी जैसे वाहनों की 655 से 680, ओवरसाइज व्हीकल की 800 से बढ़ाकर 830 रुपये एंट्री फीस की गई है।