तरनतारन मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर कश्मीर पुंगी ढेर, साथी घायल; दो पिस्टल और एक बाइक बरामद
तरनतारन में एजीटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश कश्मीर सिंह पुंगी मुरादपुरा मारा गया। इस दौरान उसका साथी गुरसेवक सिंह सेवक घायल हो गया।

तरनतारन में गैंगस्टर के साथ मुठभेड़। फाइल फोटो
HighLights
कुख्यात बदमाश कश्मीर सिंह पुंगी मुरादपुरा पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।
एजीटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
पुंगी का साथी गुरसेवक सिंह सेवक मुठभेड़ में घायल हुआ।
धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन। क्षेत्र में आतंक फैलाने वाले कश्मीर सिंह पुंगी मुरादपुरा नामक बदमाश को एजीटीएफ व स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ दौरान मार गिराया। जबकि उसका साथी गुरसेवक सिंह सेवक निवासी नौरंगाबाद घायल हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरु कर दी है। मौके पर दो पिस्टल, एक बाइक बरामद की गई।
एंटी गैंग्सटर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) मोहाली के एसपी विक्रमजीत सिंह बराड़ को सूचना मिली कि आतंक फैलाने लिए कुछ बदमाश क्षेत्र में घूम रहे हैं। एजीटीएफ की टीम ने पीछा करते हुए तरनतारन पुलिस से राबता किया। सीआइए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह, थाना सदर प्रभारी बलजीत सिंह वड़ैच, थाना गोइंदवाल साहिब प्रभारी इंस्पेक्टर बलजीत कौर व फोर्स द्वारा नाकाबंदी की गई।
दोनों को सिविल अस्पताल लाया गया
बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पार्टी पर गोलियां बरसाईं। जवाबी कार्रवाई दौरान पुंगी मुरादपुरा की टांगों पर तीन गोलियां लगीं। जबकि सेवक नौरंगाबाद की टांग व कंधे पर एक-एक गोली लगी। दोनों को सिविल अस्पताल लाया गया।
जहां पुंगी को मृतक घोषित किया गया। मौके पर एसपी (आइ) रिपुतपन सिंह पहुंचे। जिन्होंने बताया कि पुंगी के खिलाफ दर्जन के करीब आपराधिक मामले दर्ज हैं। 12 सितंबर को पुंगी का भाई जगजीत सिंह जग्गा मुरादपुरिया बाठ रोड बंद पड़े पैट्रोल पंप के पास मुठभेड़ में घायल हुआ था। इन लोगों ने 23 जुलाई को मुरादपुरा क्षेत्र में पुलिस पार्टी पर फायरिंग की थी। थाना प्रभारी के गनमैन हैड कांस्टेबल भूपिंदर सिंह घायल हो गया था।
