जन आंदोलन के तौर पर चलेगा जल शक्ति अभियान
लगातार गिरते भूजलस्तर को रोकने के लिए जनआंदोलन आरंभ किया जाएगा।
संवाद सहयोगी, हरीके पत्तन (तरनतारन) : धरती के नीचे निम्न होते जा रहे पानी के स्तर को रोकने लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देने व आम लोगों खासकर किसानों को इस संबंधी जागरुक करने लिए बुधवार को विज्ञान केंद्र बूह (हरिके पत्तन) में जल शक्ति अभियान तहत किसान मेले का आयोजन किया गया।
इस मेले का उद्घाटन डीसी प्रदीप सभ्रवाल व पट्टी के विधायक हरमिंदर सिंह गिल ने संयुक्त रुप से किया। जल शक्ति अभियान इंचार्ज रजत सच्चर और केंद्रीय प्राकृतिक स्त्रोत मंत्रालय डायरेक्टर उमेश कुमार ने भी शिरकत की। डीसी प्रदीप सभ्रवाल ने कहा कि सरकार द्वारा नाजुक स्थिति तक पानी के गिर रहे स्तर को ऊपर उठाने के लिए शुरु किए गए जल शक्ति अभियान को जन आंदोलन के तौर पर चलाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा जहां आम लोगों व किसानों को इस बाबत जागरुक किया जा रहा है वहीं इस अभियान तहत पानी के स्तर में सुधार लाने के लिए व्यापक योजनाएं बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशों तहत जिले में वातावरण को हरा-भरा बनाने लिए जिले के प्रत्येक गांव में 550 पौधे लगाए गए है। विधायक हरमिंदर सिंह गिल ने कहा कि धरती के नीचे निम्न होता जा रहा पानी का स्तर चिंता का विषय है व इस बाबत लोगों को जागरुक करना समय की जरुरत है। लोगों में यह सोच लानी जरुरी है कि पानी को किस तरह बचाया जाए। रजत सच्चर, डा. हरीश कुमार वर्मा, डा. बलविंदर कुमार आदि उपस्थित थे।