अॉनर किलिंगः बेटी को प्यार हुआ तो परिजनों ने कर दी प्रेमी जोड़े की हत्या
बेटी को पड़ोसी युवक से प्यार हुआ तो परिजनों ने बेटी व उसके प्रेमी की हत्या कर दी। इसके बाद शवों को अलग-अलग घरों में छिपा दिया गया।
तरनतारन [धर्मबीर सिंह मल्हार]। युवती को पड़ोस में ही रहने वाले युवक से प्यार हो गया। दोनों ने शादी की योजना बनाई तो लड़की के परिवार वाले खिलाफ हो गए। उन्होंने लड़के मार डाला। लड़की ने विरोध जताया तो उसकी भी हत्या कर दी गई। दोनों के शवों को परिजनों ने छिपा दिया। लड़के के परिजनों ने मामला पुलिस के पास पहुंचाया तो जांच में हत्या का खुलासा हुआ।
भारत पाकि सीमा के साथ सटे कस्बा खेमकरन में पिता ने अपने भाईयों से मिलकर अपनी बेटी और उसके प्रेमी को बेरहमी से कत्ल कर दिया। फिर दोनों मृतकों के शवों को अलग अलग घरों में बने शौचालय के मेन होलों में छिपा दिया।
खेमकरन की वार्ड नंबर 2 निवासी किसान परविंदर सिंह के बेटे हुसनप्रीत सिंह के पड़ोस में रहने वाले किसान जस्सा सिंह की लड़की रमनदीप कौर के साथ प्रेम संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की का पिता जस्सा सिंह इन संबंधों के खिलाफ था।
रविवार सायं चार बजे हुसनप्रीत सिंह पशुओं को चारा डालने के लिए घर के साथ बनी हवेली में चला गया और वापस नहीं लौटा। हुसनप्रीत सिंह को देर रात तक परिवार ढूंढता रहा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। परविंदर सिंह को रिश्तेदारी में लगते भाई दया सिंह ने बताया कि उसके लड़के को जस्सा सिंह का परिवार पकड़कर अपने घर ले गया है।
मामले की पुलिस को शिकायत दी गई तो सारा खुलासा हो गया। आरोप है कि रविवार सायं को ही जस्सा सिंह ने अपने भाई शेर सिंह, हरपाल सिंह, पत्नी मनजीत कौर, भाभी मनप्रीत कौर के साथ मिलकर पहले हुसनप्रीत सिंह के सिर में ट्रैक्टर की राड़ मारी, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्रेमिका रमनदीप कौर ने जब शोर मचाया तो उन्होंने उसे भी मार डाला। सुबूत मिटाने के लिए हुसनप्रीत सिंह का शव जस्सा सिंह के घर के सामने रहते हरपाल सिंह के घर में बने शौचालय के मेन होल में छिपा दिया, जबकि रमनदीप कौर का शव अपने ही घर में छिपा लिया।
पुलिस ने जांच के बाद आरोपित जस्सा सिंह को काबू कर लिया है। एसएसपी दर्शन सिंह मान, पट्टी के एसडीएम सुरिंदर सिंह की मौजूदगी में दोनों शवों को बरामद करके कब्जे में ले लिया। जस्सा सिंह ने अपना गुनाह कबूल करके कहा कि बेटी के अवैध संबंधों के कारण उसकी बदनामी हुई है।
यह भी पढ़ेंः रिशेप्सनिस्ट को पार्टी में ले गया होटल मालिक, फिर करने लगा छेड़छाड़