ऑनर किलिंग : आरोपित निर्मल तीन दिन रिमांड पर
गांव कोट दाता में चरित्र पर संदेह के चलते दो चचेरी बहनों की हत्या करके भाग रहे आरोपित गुरजोबन सिंह की हादसे दौरान मौत हो गई थी।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : शनिवार की सुबह गांव कोट दाता में चरित्र पर संदेह के चलते दो चचेरी बहनों की हत्या करके भाग रहे आरोपित गुरजोबन सिंह की हादसे दौरान मौत हो गई थी। इस सारे घटनाक्रम में पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने के बाद गुरजोबन सिंह के साथी निर्मल सिंह निवासी बुर्ज देवा सिंह को सोमवार अदालत में पेश किया गया। अदालत द्वारा आरोपित को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना हरिके पत्तन के प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह सरां ने बताया कि अमनदीप कौर व रमनदीप कौर नामक चचेरी बहनों की गुरजोबन सिंह ने अपने मामा के साले के लड़के निर्मल सिंह निवासी बुर्ज देवा सिंह के साथ मिलकर तेजधार हथियारों से हत्या की थी। हत्या के बाद भागते समय गुरजोबन सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मौके पर लोगों ने गुरजोबन सिंह के साथी निर्मल सिंह को पकड़कर पुलिस हवाले कर दिया था। पुलिस ने धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी जरनैल सिंह सरां ने बताया कि अमनदीप कौर व रमनदीप कौर की हत्या में प्रयोग दातर और चाकू की बरामदगी लिए निर्मल सिंह को अदालत में पेश करके तीन दिन का रिमांड लिया गया है।