कार सवार लुटेरों ने एक के बाद एक लूटपाट की कई घटनाओं को बेखौफ दिया अंजाम
स्विफ्ट कार में सवार पांच हथिथयारबंद लुटेरों की ओर से लूट को अंजाम देने पर चार थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
संवाद सहयोगी, तरनतारन : स्विफ्ट कार में सवार पांच हथिथयारबंद लुटेरों की ओर से लूट को अंजाम देने पर चार थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। थाना सिटी पट्टी की पुलिस ने गांव सराली मंड निवासी सतवंत सिंह के बयानों पर एक केस दर्ज किया गया। सतवंत ने बताया कि वह बलवंत सिंह के साथ प्लेटिना मोटरसाइकिल (पीबी38ए6813) पर गांव कैरों आ रहा था। रास्ते में सरहाली मंड के पास स्विफ्ट कार में सवार पांच लोग आए, जिनके पास पिस्तौल थी। आरोपितों ने पांच हजार की नकदी छीनते हुए गोलियां चलाई। इससे वह घायल हो गया।
लूट की दूसरी वारदात राष्ट्रीय राज मार्ग पर स्थित सरां रिसोर्ट के समीप हुई, जिसमें फिरोजपुर जिले के गांव दुल्ला निवासी किक्कर सिंह से स्विफ्ट कार (पीबी05यू1015) छीन ली गई। किक्कर सिंह ने बताया कि वह परिवार सहित श्री दरबार साहिब माथा टेकने जा रहा था। रास्ते में बाथरूम करने लिए कार रोकी। इस दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में आए पांच लोगों ने गोलियां चलाई और फिर कार लेकर फरार हो गए।
तीसरी वारदात गांव कलसियां कलां के पास हुई। अनव्वर सिंह ने बताया कि वह अंबे फिलिंग स्टेशन पर सेलमैन की नौकरी करते हैं रविवार की रात को स्विफ्ट कार में पांच लोग आए, जिन्होंने गोलियां चलाकर उसे घायल कर दिया। आरोपितों ने आठ हजार की नकदी लूटी और फरार हो गए।
इसी प्रकार सुखवंत सिंह नामक किसान के पेट्रोल पंप पर मैनेजर गुरविंदर सिंह गोपी से हथियारों के बल पर 36 हजार की राशि व 40 लीटर सर्वो तेल छीनकर फरार हो गए।