किसानों ने किया एडीसी दफ्तर का घेराव
किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी के शिष्टमंडल ने सुखविंदर सिंह सभरा की अगुआई में एडीसी जगविंदरजीत सिंह ग्रेवाल के कार्यालय का घेराव किया।
संवाद सहयोगी, तरनतारन: किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी के शिष्टमंडल ने सुखविंदर सिंह सभरा की अगुआई में एडीसी जगविंदरजीत सिंह ग्रेवाल के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान एडीसी ने कृषि ऑर्डिनेंस के विरोध में ज्ञापन लेने से इन्कार कर दिया। इस पर भड़के किसानों ने एडीसी के समक्ष नारेबाजी की।
कमेटी के जिला अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सभरा ने बताया कि कोरोना महामारी का बहाना लगाकर एडीसी ग्रेवाल ने ज्ञापन लेने से मना कर दिया। इसके विरोध में एडीसी समक्ष नारेबाजी की गई। वहीं हरप्रीत सिंह सिंधवा ने बताया कि सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार चर्म सीमा पर है। लोगों के टैक्स से तनखाह लेने वाले अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। सात सितंबर को डीसी कार्यालय समक्ष पक्का मोर्चा लगाकर राज्य भर में गिरफ्तारियां दी जाएंगी। इस मौके सतनाम सिंह माणोचाहल, अजीत सिंह चंबा, फतेह सिंह पिद्दी, बलविंदर सिंह चोहला साहिब, सतनाम सिंह खारा, दलबीर सिंह मल्ली, हरजिंदर सिंह शकरी, गोपी भुच्चर, हरजिंदर सिंह सिध्वां मौजूद थे।