किसान को गोली मारने के बाद मां से की मारपीट
। जमीन को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने गांव बलेर रहने वाले किसान गुरजंट सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया।
संवाद सूत्र, भिखीविंड : जमीन को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने गांव बलेर रहने वाले किसान गुरजंट सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया। हमलावरों ने गुरजंट की मां वीर कौर से भी मारपीट की। दोनों को सुरसिंह के अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।
विधानसभा हलका खेमकरण के गांव बलेर निवासी सुखवंत सिंह ने बताया कि वह अपने भाई गुरजंट सिंह के साथ खेत में काम कर रहा था। इस दौरान उनकी मां वीर कौर चाय लेकर आई । इसी बीच, बाबा प्रताप सिंह, गुरपाल सिंह, भगवंत सिंह निवासी गांव ठट्ठा के अलावा दस अज्ञात लोग ट्रैक्टर व दो कारों में सवार होकर वहां पहुंच गए। आरोपितों ने जमीन पर कब्जा करने के लिए जबरदस्ती उनके खेत में ट्रैक्टर चलाना शुरू कर दिया। सुखवंत सिंह ने बताया कि जब उन्होंने रोकने की कोशिश की तो बाबा प्रताप सिंह ने 12 बोर की राइफल से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। एक गोली लगने से उसका भाई गुरजंट सिंह घायल हो गया। इस दौरान बीच-बचाव के लिए जब उनकी मां वीर कौर आगे आई तो आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया और उनसे जमकर मारपीट की। जख्मी हालत में गुरजंट सिंह और वीर कौर को सुरसिंह के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। थाना भिखीविंड के प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया कि ड्यूटी अफसर जस्सा सिंह ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।