विदेश भेजने के नाम पर दो लड़कियों से आठ लाख की ठगी
दो लड़कियों ने ब्रिलिएंट ओवरसीज के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, तरनतारन : जिला फिरोजपुर की दो लड़कियों ने ब्रिलिएंट ओवरसीज के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। आरोपितों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पीड़ित लड़कियों ने इस बाबत अप्रैल महीने में पुलिस को शिकायत की थी। जांच के बाद पुलिस ने आठ आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूनम निवासी गली तहसीलदारा वाली, गुरमीत कौर निवासी जीरा गेट शिवाला मंदिर जिला फिरोजपुर ने बताया कि बोहड़ी चौंक तरनतारन स्थित ब्रिलिएंट ओवरसीज में उन्होंने विदेश जाने के लिए अप्लाई किया था। कार्यालय पर सुरजीत सिंह बावानिवासी कोट भगत सिंह नगर अमृतसर, जयबीर सिंह, लवजीत सिंह, आशीष कुमार, अनु बावा, गुरप्रीत कौर, महिदरपाल बावा व पंकज खोखर (सभी अमृतसर निवासी) ने उनको कनाडा में वर्क परमिट पर भेजने के लिए चार-चार लाख रुपये लिए। इसके बाद उन्हें विदेश नहीं भेजा। वे दोनों फिरोजपुर से कई बार उनके कार्यालय में पहुंचीं, लेकिन हर बार ताला मिलता। कभी मिले भी तो टालमटोल कर वापस भेज दिया जाता। तंग आकर उन्होंने 29 अप्रैल 2019 को शिकायत पुलिस को दी। एसएसपी द्वारा उक्त शिकायत की जांच एसपी (एच) गौरव तुरा को सौंपी गई। जांच के बाद ब्रिलिएंट ओवरसीज से संबंधित उक्त आठों अरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया।
पहले भी हो चुकी है छापामारी, एक बार हुआ था लाइसेंस रद्द
ब्रिलिएंट ओवरसीज के खिलाफ आए दिन ठगी की कई शिकायतें सामने आ रही हैं। करीब तीन वर्ष से एक्सिस बैंक के पास वाली बिलडिंग में यह कार्यालय चलाया जा रहा है। करीब छह महीने के दौरान लोगों की शिकायत के आधार पर ब्रिलिएंट ओवरसीज में दो बार छापामारी की गई। एक बार तो लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया था। उधर थाना सिटी के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरचरन सिंह कहते हैं कि शिकायत की जांच के बाद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी लिए छापामारी जारी है।
किसी से ठगी नहीं की : बावा
ब्रिलिएंट ओवरसीज के संचालक सुरजीत सिंह बावा का कहना है कि उनके खिलाफ साजिश रचकर प्रशासन को गुमराह करके झूठी शिकायत की जाती हैं। उन्होंने किसी के साथ कोई ठगी नहीं की।