अकाली नेता वल्टोहा के पूर्व पीए ने की गोली मारकर कांग्रेस समर्थक की हत्या
कस्बा वल्टोहा में पूर्व सीपीएस प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा के पीए रहे सुरजीत सिंह ने गोली मारकर कांग्रेस समर्थक की हत्या कर दी।
जेएनएन, खालड़ा [तरनतारन]। कस्बा वल्टोहा में पूर्व सीपीएस प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा के पीए रहे सुरजीत सिंह ने गोली मारकर कांग्रेस समर्थक की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक सुखदेव सिंह (38) की पत्नी की शिकायत पर आरोपित सुरजीत सिंह और उसकी मां के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों फरार हैं। बताया गया है कि सुरजीत सिंह ने अपनी मां के कहने पर सुखदेव सिंह को गोली मारी।
विस क्षेत्र खेमकरन के गांव वल्टोहा निवासी सुखदेव की पत्नी गुरमीत कौर ने अपने बयानों में कहा है कि सुरजीत सिंह का घर गली के आखिर में हैैं। गली की निकासी नाली का पानी किसान दलबीर सिंह खेत में जाता था। फसल खराब न हो इसलिए दलबीर ने खेतों में जाने वाली नाली के पानी को रोक लगा दी। सुरजीत सिंह कस्सी से नाली का पानी चालू करने आया तो उसके और दलबीर के बीच बहस हो गई।
गुरमीत कौर के अनुसार इसी दौरान वह और उसका पति सुखदेव सिंह गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रहे थे। सुखदेव सिंह ने सुरजीत सिंह को विवाद करने से रोका। तभी सुरजीत की मां बलविंदर कौर भी वहां आ गई और नाली का पानी रुकने के लिए सुखदेव सिंह को जिम्मेदार बताया। जिसके बाद सुरजीत सिंह ने पिस्टल से तीन गोलियां चलाई। एक गोली सुखदेव की गर्दन पर लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना वीरवार सुबह की है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे छाना वल्टोहा प्रभारी हरचंद सिंह ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। उन्होंने बताया कि सुरजीत सिंह और उसकी मां बलविंदर कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित फरार हैैं और गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
रंजिश रखता था सुरजीत
गुरमीत कौर के अनुसार सुखदेव सिंह कांग्रेस पार्टी का समर्थक है। वह 13 वर्ष पहले दुबई गया था और एक वर्ष से गांव में ही रह रहा था। कांग्रेस समर्थक होने के कारण सुरजीत सिंह उनके साथ रंजिश रखता था। सुखदेव की 12 वर्षीय बेटी चरनजीत 7वीं और 5 वर्षीय बेटा हरकीरत यूकेजी में पढ़ता है।
वल्टोहा बोले- मामले में न हो राजनीति
पूर्व सीपीएस प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा ने कहा कि सुखदेव सिंह की मौत का उन्हें दुख है। इस मामले में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।